पंजाब में फरीदकोट जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने नशा विरोधी मुहिम के तहत दो अलग-अलग मामलों में 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 150 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने बताया कि एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत ही पहले मामले में सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर अमरिंदर सिंह की निगरानी में एएसआई हाकम सिंह समेत पुलिस पार्टी फिरोजपुर रोड पुल सेमनाला के पास मौजूद थे। इसी दौरान एक आई-20 कार खड़ी दिखाई दी, जिसके पास आरोपी अजय असीजा उर्फ अजय खड़ा था। शक के आधार पर उसकी तलाशी लेने पर कार से 120 ग्राम हेरोइन और एक कंप्यूटर बरामद हुआ। इस संबंध में उसके खिलाफ थाना सिटी फरीदकोट में मामला दर्ज किया गया है। इसी तरह दूसरे मामले में एएसआई सुखपाल सिंह की अगुवाई वाली पुलिस पार्टी ने कोटकपूरा में नेशनल हाईवे-54 से सटे बीड़ लिंक रोड से अनमोल सिंह उर्फ गुनूं को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 30 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में उसके खिलाफ थाना सिटी कोटकपूरा में मामला दर्ज किया गया है। रिमांड पर लेकर बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंक की जांच करेगी पुलिस-डीएसपी इस मामले में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि इनमें से आरोपी अनमोल सिंह उर्फ गुनूं के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी और अन्य संगीन धाराओं के तहत कुल 09 मामले दर्ज हैं। अब गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जा रहा है ताकि उनसे आगे की पूछताछ की जा सके। साथ ही दोनों आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच की जा रही है।