पंजाब में फरीदकोट जिला पुलिस ने इमिग्रेशन सेंटर के संचालक से 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फरीदकोट के ही गांव पक्का निवासी मनदीप सिंह के के खिलाफ थाना सदर में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार यह मामला 30 अक्टूबर का है। उस दिन इमिग्रेशन का कार्य करने वाले व्यक्ति से वाट्सएप के माध्यम से 10 लाख की रंगदारी की मांग की गई थी। रकम न देने की सूरत में परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी। शिकायत मिलते ही एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन टीम का गठन किया। एसपी (इन्वेस्टिगेशन) योगेश्वर सिंह के निगरानी में डीएसपी अवतार सिंह, डीएसपी तरलोचन सिंह और थाना सिटी व सीआईए स्टाफ की टीमों ने जांच का कार्य शुरू किया। पुलिस ने टेक्निकल इनपुट और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी को फरीदकोट के कम्मेआना चौक के पास से काबू किया गया। किसी अन्य के मोबाइल का ओटीपी लेकर चलाया था व्हाट्सएप-एसपी एसपी (इन्वेस्टिगेशन) योगेश्वर सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी ने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल नंबर का ओटीपी लेकर व्हाट्सऐप चलाया और उसी के माध्यम से रंगदारी मांगी थी। उसने इमिग्रेशन दफ्तरों के बोर्डों पर लगे नंबरों से भी जानकारी जुटाई थी। उन्होंने बताया कि police रिकार्ड में मनदीप सिंह के खिलाफ पहले भी रंगदारी मांगने और नशा तस्करी से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं। अब उसे अदालत से रिमांड पर लेकर उससे जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
