फरीदकोट जिले में पुलिस ने 8 लाख रुपए की नगदी छीनने के मामले को सुलझाते हुए आरोपी कैंटर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव घुमियारा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ काला के रूप में हुई है। पुलिस ने छीनी रकम में से 98 हजार 500 रुपए भी बरामद कर लिए हैं। जानकारी के अनुसार भैंसों का कारोबार करने वाले व्यापारी अनीश अहमद ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया था कि 5 और 6 अप्रैल की दरमियानी रात को वह बस्सी पठाना मंडी में से भैंसें बेचकर 8 लाख रुपए लेकर कैंटर ड्राइवर सुखविंदर सिंह के साथ फरीदकोट लौट रहे थे। हमला करके छीना रुपयों से भरा बैग इस दौरान अनीश ने पैसों से भरा बैग अपने सिर के नीचे रखकर सो गया। इसी बीच आरोपी सुखविंदर सिंह ने बैग खींचने की कोशिश की, जिससे अनीश की नींद खुल गई। उस समय वे गांव पिपली के पास पहुंचे हुए थे। पूछताछ करने पर आरोपी ने गाड़ी साइड में रोक दी और अनीश के सिर पर लोहे की बड़ी चाबी मारकर पैसों वाला बैग छीन लिया और कैंटर मौके पर छोड़कर फरार हो गया। भागने की फिराक में था आरोपी घटना की सूचना मिलने पर थाना सदर फरीदकोट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के निर्देशों पर पुलिस ने छापेमारी करते हुए आरोपी को गांव टहिना बस स्टैंड के पास उस समय गिरफ्तार किया, जब वह कहीं और भागने की फिराक में था। आरोपी को रिमांड पर लेकर बाकी रकम बरामद की जाएगी- डीएसपी इस मामले में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आरोपी की निशानदेही पर 98 हजार 500 रुपए बरामद किए जा चुके हैं। अब आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल किया गया है, जिसके बाद उससे और पूछताछ की जाएगी और बाकी की रकम बरामद की जाएगी।