पंजाब में फरीदकोट जिले की थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस ने 322 ग्राम हेरोइन के साथ कार सवार दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बटाला (गुरदासपुर) के गांव वडाला ग्रंथियां निवासी अभिषेक कुमार उर्फ अभि मसीह और बलराज सिंह के रूप में हुई है। दोनों पर थाना सिटी कोटकपूरा में एनडीपीएस एक्ट का केस दर्ज किया है। नाके बंदी के दौरान पकड़े गए आरोपी पुलिस के अनुसार, एसएसपी फरीदकोट डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा-निर्देशों पर नशे के खिलाफ अभियान के तहत डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार और थाना सिटी प्रभारी इंस्पेक्टर चमकौर सिंह की निगरानी में सब-इंस्पेक्टर नगिन्द्र सिंह की अगुवाई वाली पुलिस टीम ने अमृतसर–बठिंडा नेशनल हाईवे से सटे सिखांवाला रोड पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट डिज़ायर कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर कार सवार 2 युवक वापस मुड़ने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने तुंरत हरकत में आते ही कार को घेरते हुए उसे रोककर दोनों युवकों को काबू कर लिया। शक के आधार पर तलाशी के दौरान उनके पास से 322 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों के बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंक खंगालेगी पुलिस-एसएसपी प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी यह नशा कोटकपूरा इलाके में सप्लाई करने आए थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से नाकेबंदी के दौरान पकड़े गए। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों से बरामद कार व एक आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। इस मामले में एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है और अदालत से रिमांड लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपियों से बरामद हेरोइन के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं।