फरीदकोट जिले में कोटकपूरा-मोगा रोड स्थित गांव पंजगराईं कलां के पास मंगलवार सुबह सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक स्कूटी टकरा गई। इस सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार गांव पंजगराईं निवासी बोहड़ सिंह पुत्र गुलजार सिंह अपनी विवाहिता बहन अमनदीप कौर के साथ स्कूटी पर सवार होकर सुबह करीब 5:30 बजे कोटकपूरा जा रहा था। गांव से कुछ दूरी पर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी स्कूटी टकरा गई। बहन ने इलाज के दौरान तोड़ा दम इस हादसे में बोहड़ सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन अमरजीत कौर पत्नी रणधीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल कोटकपूरा ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उसे गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल फरीदकोट रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। तीन बहनों का इकलौता भाई था पारिजनों के अनुसार मृतक बोहड़ सिंह अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था और उसके पिता का कुछ समय पहले ही निधन हो चुका है वहीं उसकी मृतका बहन अमनदीप कौर के 10 और 7 साल के दो छोटे बच्चे हैं। इस दुखद घटना की पूरे गांव में शोक की लहर है। इस मामले में मृतकों के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई नहीं करवाई है।
