फरीदकोट जिले के थाना बाजाखाना पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए संचालित किए जा रहे नशा तस्करी के एक नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 200 ग्राम हेरोइन सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लुधियाना निवासी आनंद कुमार पांडे, अजय कुमार और निखिल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशे की खेप के अलावा एक बाइक, एक मिनी तराजू और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा-निर्देशों पर युद्ध नशों के विरुद्ध अभियान के तहत की गई। डीएसपी जैतो इकबाल सिंह संधू और थाना बाजाखाना के एसएचओ चरणजीत सिंह की निगरानी में एएसआई स्वर्ण सिंह की टीम ने फरीदकोट-बठिंडा सीमा पर गांव डोड के पास नाकाबंदी के दौरान इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। शक होने पर पुलिस ने रोका, तलाशी में मिली हेरोइन नाकाबंदी के दौरान भगता भाई का (जिला बठिंडा) की ओर से बाइक पर आ रहे तीन युवकों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने शक के आधार पर उन्हें काबू कर तलाशी ली, तो उनके पास से 200 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी नशे की खरीद-फरोख्त और सप्लाई में सक्रिय थे। वे आपस में तालमेल बनाने और लेन-देन की जानकारी साझा करने के लिए स्नेपचेट ऐप का इस्तेमाल करते थे। इस संबंध में थाना बाजाखाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है। रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क की जांच करेगी पुलिस-डीएसपी डीएसपी जैतो इकबाल सिंह संधू ने बताया कि जांच में यह भी पता चला है कि यह आरोपी नशे की सप्लाई के लिए फरीदकोट आए थे। पुलिस अब आरोपियां को कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल करेगी, ताकि उनके नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।