फरीदकोट जिले की थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस ने लूटपाट की योजना बना रहे एक गिरोह के 5 सदस्यों को तेजधार हथियारों समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 कापा, 1 लोहे की पाइप, 1 लोहे का खंडा, 1 कुल्हाड़ी और 1 लकड़ी का डंडा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरबजीत सिंह (निवासी सावत सिंह नगर, श्री अमृतसर साहिब), मनप्रीत सिंह (शेर-ए-पंजाब नगर, कोटकपूरा), भूपिंदर सिंह उर्फ भिंदा (अमृतसर), रमेश कुमार उर्फ सोनू (रविदास मोहल्ला, जगरांव) और सतनाम सिंह उर्फ सनी (शेर-ए-पंजाब नगर, कोटकपूरा) के रूप में हुई है। चेकिंग के दौरान कोटकपूरा पर मौजूद थी पुलिस पुलिस के अनुसार, एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा निर्देश और डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार भूपिंदर सिंह व एसएचओ सिटी इंस्पेक्टर चमकौर सिंह की निगरानी में एएसआई भूपिंदर सिंह अपनी टीम सहित संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मोगा रोड कोटकपूरा पर मौजूद थे, तभी उन्हें विश्वसनीय सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति तेजधार हथियारों से लैस होकर लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोटकपूरा के देवीवाला रोड पर सुनसान जगह से उक्त आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में इनके खिलाफ थाना सिटी कोटकपूरा में केस दर्ज किया गया है। अदालत से रिमांड लेकर पूछताछ कर रही पुलिस- डीएसपी इस मामले में डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया है, ताकि उनसे आगे की पूछताछ की जा सके। जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी नशा तस्करी, चोरी, लूट और संगठित अपराध जैसे मामलों में शामिल रहे हैं और इनके खिलाफ पहले भी 6 केस दर्ज है।