फरीदकोट की जिला अदालत में जमीन-जायदाद के फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपराधियों की जमानत कराए जाने का मामला सामने आया है। कोर्ट के निर्देश पर थाना सिटी फरीदकोट पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, इस संबंध में कोटकपूरा की मोगा रोड निवासी गुरमीत कौर ने कुछ समय पहले पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट को लिखित शिकायत भेजी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गांव मोरांवाली निवासी भूपिंदर सिंह, कोटकपूरा के सिखांवाला रोड निवासी तरसेम सिंह, सादिक के गुरुहरसहाय रोड निवासी बेअंत सिंह और फरीदकोट के सादिक रोड निवासी नंदलाल द्वारा जाली कागजातों के आधार पर आपराधिक मामलों में आरोपियों की जमानत करवाई जा रही है। कई लोगों की करा चुकी फर्जी जमानत आरोपी पिछले लंबे समय से ऐसा कर रहे है और अब तक कई आपराधिक को फर्जी दस्तावेजों से जमानत दिलवा चुके है। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश फरीदकोट को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद सत्र न्यायाधीश ने जांच के लिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) को नियुक्त किया। सीजेएम द्वारा अपने रीडर के माध्यम से करवाई गई जांच में सामने आया कि उक्त चारों व्यक्तियों ने जमीन-जायदाद के फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आरोपियों की जमानत करवाई थी। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दर्ज किया केस जांच रिपोर्ट के आधार पर अदालत ने पुलिस को निर्देश दिए जिसके बाद थाना सिटी पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी व जालसाजी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। हालांकि अभी यह जानकारी सामने नहीं आई है कि यह आरोपी कितने मामलों में अपराधियों की जमानतें करवा चुके है और इसके लिए वह कितने पैसे वसूल करते थे। इसका खुलासा उनकी गिरफ्तारी के बाद सामने आने के आसार है। छापेमारी कर आरोपियों की जल्द करेगी गिरफ्तारी-एसएचओ इस संबंध थाना सिटी के एसएचओ राजवंत सिंह ने बताया कि शिकायत और अदालती जांच के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया गया है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
