फरीदकोट जिले में कोटकपूरा शहर के हरीनौ रोड स्थित रजबाहे के पास शुक्रवार शाम एक युवक की तेजधार हथियारों से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गांव कोहारवाला निवासी 19 साल बॉबी सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी संजीव कुमार, थाना सिटी के एसएचओ इंस्पेक्टर चमकौर सिंह सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच एक दिन पहले यानी वीरवार को गांव कोहावाला में गोल गप्पे की रेहड़ी पर झगड़ा हुआ था। युवक को दी थी धमकी बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान दूसरे पक्ष के युवकों ने बॉबी सिंह को धमकी भी दी थी। शुक्रवार को बॉबी सिंह अपने एक दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर कोटकपूरा में रजबाहे के पास पहुंचा। इस दौरान दूसरे पक्ष से जुड़े नौजवान भी वहां पहुंच गए और इन आरोपियों ने तेजधार हथियारों से बॉबी सिंह पर हमला करते हुए उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। फरीदकोट से फोरेंसिक टीम बुलाई घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने फरीदकोट से फोरेंसिक टीम को भी बुलाया है। फिलहाल पुलिस और मृतक परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इस मौके पर एक ग्रामीण ने बताया कि एक दिन भी दोनों पक्षों के बीच गोल गप्पे की रेहड़ी पर झगड़ा हुआ था और इस झगड़े की रंजिश में ही हत्या हुई हो सकती है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है पुलिस इस मामले में पुलिस ने जांच के साथ साथ आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी है और परिवार के बयान दर्ज करते हुए घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
