फरीदकोट जिला पुलिस ने दो अलग-अलग टारगेट किलिंग मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 4 पिस्टल व 15 कारतूस बरामद किए है। पुलिस ने बताया कि पहले मामले में सीआईए की टीम ने फरीदकोट में सरहिंद नहर की कच्ची पटरी पर कार में सवार तीन युवकों को शक के आधार पर रोका और तलाशी लेने पर इनके पास से दो पिस्टल तथा 15 कारतूस बरामद किए गए। इन आरोपियों की पहचान जतिंदर सिंह उर्फ सोनू निवासी पत्ती रोड, जिला बरनाला,जशनजोत सिंह उर्फ जस्सा निवासी गांव हरी नौ, जिला फरीदकोट व मनप्रीत सिंह उर्फ अरमान निवासी गांव मोड़, जिला फरीदकोट के रूप में हुई है। लुधियाना में व्यक्ति की हत्या के प्लानिंग में थे पुलिस ने इनकी कार को भी कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में पता लगा है कि आरोपी लुधियाना में एक व्यक्ति की हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले थे। इस संबंध में इनके तीनों के खिलाफ थाना सिटी में केस दर्ज किया गया है। इसी तरह एक अन्य कार्रवाई के दौरान पुलिस ने थॉमस रोहित नामक व्यक्ति को 9 एमएम की 2 पिस्टल और मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह व्यक्ति पाकिस्तान से आए अवैध हथियारों की खेप के साथ इलाके में सक्रिय था और यह हथियार फरीदकोट जिले में किसी बड़ी वारदात के लिए इस्तेमाल किए जाने थे। विदेश में बैठा गैंगस्टर ऑपरेट कर रहा था मॉड्यूल एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि फरीदकोट पुलिस द्वारा अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी है। टारगेट किलिंग मॉड्यूल को विदेश में बैठे फरीदकोट जिले के गांव हरीनौ से संबंधित गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह द्वारा ऑपरेट किया जा रहा था। जिसकी जांच जारी है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों में ही फरीदकोट पुलिस ने 3 अन्य मामलों में भी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे भी 4 अवैध हथियार बरामद किए थे। इसके अलावा संगठित अपराध के 8 गिरोहों से जुड़े 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया जबकि चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले 7 आरोपियों को पकड़ कर जेल में बंद करवाया है।