पंजाब में फरीदकोट जिले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार देर शाम बाजाखाना के पास घनिया-मल्ला रोड पर एनकाउंटर के बाद गैंगस्टर मॉड्यूल से जुड़े आरोपी अर्शदीप सिंह उर्फ विक्की को दबोच लिया है। इस दौरान उसके पॉव में गोली लगी है जिसे अस्पताल भर्ती कराया गया है। आरोपी अमृतसर ग्रामीण के गांव माड़ी कलां का निवासी है। पुलिस पार्टी ने आरोपी के कब्जे से 1 यूगाना पिस्टल, जिंदा राउंड और एक बाइक बरामद की है। गैंगस्टर प्रभ दासूवाल के इशारे पर करता है वारदात पुलिस के अनुसार, आरोपी अर्शदीप सिंह का गैंगस्टर प्रभ दासूवाल के साथ सीधा संपर्क था और उसके इशारों पर टारगेट किलिंग, रेकी और फायरिंग जैसी गंभीर वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी ने कुछ समय पहले अपने दो साथियों के साथ अमृतसर के छेहरटा क्षेत्र में फायरिंग की घटना को भी अंजाम दिया था। 2 साथियों को पहले किया गिरफ्तार इसी गैंग से जुड़े दो अन्य आरोपी बलजीत सिंह उर्फ कद्दू और सनी को भी 14 नवंबर को फरीदकोट पुलिस ने पंचगराई गांव के सरकारी स्कूल स्टेडियम के पास से .30 बोर पिस्टल और जिंदा राउंड के साथ गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि तीनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। आरोपी पर अमृतसर में दर्ज लूट का मामला-एसएसपी इस मामले में मौके पर पहुंची एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि अर्शदीप सिंह उर्फ विक्की के खिलाफ थाना सदर अमृतसर में लूट की वारदात से संबंधित केस दर्ज है। जबकि उसके साथी बलजीत सिंह उर्फ कद्दू के खिलाफ जिला मोगा के थाना कोट ईसे खां में 15 लाख रुपए की रंगदारी मांगने से जुड़े मामले दर्ज हैं। गैंगस्टर मॉड्यूल को बख्शा नहीं जाएगा- एसएसपी एसएसपी ने कहा कि फरीदकोट पुलिस कानून-व्यवस्था को सख्ती से बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। गैंगस्टर मॉड्यूल, टारगेट किलिंग या आपराधिक गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जनता की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और ऐसी किसी भी गैरकानूनी हरकत को सख्ती से रोका जाएगा।
