फरीदकोट जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ जैतो ने बाइक सवार दो युवकों को 32 बोर की देसी पिस्टल और 2 कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हरप्रीत सिंह उर्फ गोरा और सूजल के रूप में हुई है, जो जिला फाजिल्का के जलालाबाद के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास मौजूद बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार एसएसपी डॉ प्रज्ञा जैन के दिशा निर्देश पर असमाजिक तत्वों के खिलाफ चेकिंग के दौरान सीआईए जैतो के इंचार्ज एएसआई दर्शन सिंह की निगरानी में हवलदार गुरविंदर सिंह के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने एक विश्वसनीय सूचना के आधार पर कोटकपूरा-मुक्तसर रोड के टी-प्वाइंट से सटे गांव वादर जटाना के पास उक्त दोनों युवकों को गिरफ्तार किया। वारदात को अंजाम देने से पहले कार्रवाई पुलिस को आशंका है कि यह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल .32 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस संबंध में इनके खिलाफ थाना सदर कोटकपूरा में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
रिमांड पर लेकर लिंक की जांच करेगी पुलिस इस मामले में एसपी इन्वेस्टिगेशन जोगेश्वर सिंह गोराया ने बताया कि जांच में सामने आया है कि यह दोनों अपने किसी दोस्त से मिलने आए थे और साथ लेकर अवैध हथियार भी ले आए। अब पुलिस द्वारा आरोपियों को अदालत से रिमांड पर लेकर इनके अन्य साथियों और संभावित लिंक की जांच की जाएगी। ताकि अवैध हथियार सप्लाई करने वाले पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।