फतेहाबाद जिले की रतिया शहर पुलिस ने नाबालिग लड़की को किडनैप और गलत काम के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलप्रीत उर्फ दीपू के रूप में हुई है। वह मूल रूप से तरनतारन (पंजाब) का निवासी है और हाल में जाखन दादी (रतिया) में रह रहा था। घर से ट्यूशन के लिए निकली थी नाबालिग रतिया थाना शहर इंचार्ज इस्पेक्टर पुष्पा ने बताया कि नवंबर 2025 में रतिया शहर की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। महिला के अनुसार, उसकी नाबालिग बेटी घर से ट्यूशन के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की तलाश के बाद भी जब लड़की का पता नहीं चला, तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की को तलाश कर बरामद कर लिया था। एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार नाबालिग के कोर्ट में बयान दर्ज करवाने के बाद, मामले में BNS की धारा 64(1), 65(1), 75(2), 87, 351(3) और POCSO एक्ट की धारा 4(2), 8 जोड़ी गईं। इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। अब दूसरे आरोपी दिलप्रीत उर्फ दीपू को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है।