राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से शनिवार को भी उत्तर-पश्चिमी जिलों में असर रहा। जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर के पाकिस्तान से लगते सीमावर्ती इलाकों में हल्के बादल छाए रहे। वेस्टर्न डिस्टरबेंस से उत्तरी हवाएं भी कमजोर होने से सुबह-शाम शीतलहर और तेज सर्दी से मामूली राहत रही। दिन और रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज हुई। बाड़मेर में शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने इस सिस्टम का असर आज भी रहने की संभावना जताई है। 22 दिसंबर से ये सिस्टम कमजोर होगा, जिसके बाद मौसम में थोड़ा बदलाव होगा। फतेहपुर, डूंगरपुर सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान के अधिकांश शहरों में मौसम साफ रहा और दिन में तेज धूप रही। नागौर, बीकानेर, फलोदी, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, जालौर, पाली में शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज हुआ। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज हुआ। शनिवार को प्रदेश में सबसे ठंडा इलाका फतेहपुर और डूंगरपुर का रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आगे कैसा रहेगा मौसम मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- 22 दिसंबर तक राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से कहीं-कहीं हल्के बादल छाए रह सकते है और तापमान भी स्थिर रहने की संभावना है। 23 दिसंबर से इस सिस्टम का असर खत्म होने के बाद उत्तर भारत में जैसे ही आसमान साफ होगा, तब तापमान में गिरावट का दौर शुरू होगा। सर्द हवाएं चलेगी और उत्तरी राजस्थान के कुछ जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। 24 दिसंबर से उत्तरी हवाएं चलने से तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है।