बाड़मेर में प्रेमिका के साथ लिव- इन में रह रहे युवक ने रविवार को सुसाइड कर लिया। रसोई में खाना बना रही प्रेमिका ने खिड़की से देखा तो प्रेमी फंदे पर लटका था। उसने तुरंत युवक के बड़े भाई को फोन करके बताया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी पहुंचे, गेट तोड़कर शव को फंदे से उतारा। शव को जमीन पर रखते ही प्रेमिका बॉडी से लिपट गई और फूट-फूटकर रोने लगी। घटना बाड़मेर जिले के शिव थाना क्षेत्र के उण्डू गांव में सुबह करीब 10 बजे हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक शौकत खान (22) पुत्र अली खान के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। शिव थाने के एसआई जालाराम ने बताया कि सांगड़ ओला गांव निवासी शौकत खान झारखंड निवासी प्रेमिका (19) और बड़े भाई जुम्मा खान के साथ उण्डू गांव में किराए के मकान में रहता था। पुलिस के अनुसार- शौकत करीब 2 महीने पहले प्रेमिका को लेकर यहां आया था, फिर भाई के साथ ही रहने लगा। शौकत अपने बड़े भाई के साथ फर्नीचर का काम करता था। पहले देखिए… 2 तस्वीरें रसोई में खाना बना रही थी, बुलाने आई तो गेट बंद था
रविवार सुबह शौकत ने रूम में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। उस समय युवती रसोई में खाना बना रही थी। वह जब शौकत को बुलाने पहुंची तो गेट बंद था। उसने खिड़की से देखा तो वह फंदे पर लटका हुआ था। युवती ने युवक के बड़े भाई जुम्मे खान को फोन लगाया। सूचना पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और गेट तोड़कर युवक को फंदे से नीचे उतारा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बॉडी को फर्श पर रखते ही प्रेमिका लाश से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगी। पुलिस ने शव को भियाड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया, जहां से पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। पुलिस सुसाइड के कारणों की जांच कर रही है। परिजन लेने आए थे, तो जाने से मना कर दिया
गांव के लोगों के अनुसार- करीब 10 दिन पहले युवती के परिजन उसे लेने भी आए थे, लेकिन उसने जाने से इनकार कर दिया था। उसने कहा था कि वह शौकत के साथ ही रहेगी। इसके बाद परिजन वापस लौट गए थे।