प्रतापगढ़ में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस विभाग ने एक विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर यातायात पुलिस अब ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर सड़क सुरक्षा का संदेश दे रही है। हादसों को देखते हुए पहल इस अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-56 से जुड़े गांवों में विशेष जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यातायात प्रभारी दिनेश मेनारिया ने बताया कि जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए यह पहल की गई है। इसी क्रम में यातायात पुलिस की टीम चतरियाखेड़ी गांव पहुंची, जहां ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा संबंधी पत्रक वितरित किए गए और यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील ग्रामीणों को बताया गया कि सड़क सुरक्षा ही जीवन की सुरक्षा है। उन्हें सड़क पार करने, सड़क पर सुरक्षित तरीके से चलने और यातायात नियमों का पालन करने के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही, ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने पशुओं को सड़क किनारे या सड़क के बीच में खुला न छोड़ें, क्योंकि इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने ग्रामीणों को रेडियम भी वितरित किए। उन्हें पशुओं के सींगों पर रेडियम लगाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि रात के समय वाहन चालकों को पशु दूर से दिखाई दें और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित यातायात प्रभारी दिनेश मेनारिया ने यह भी बताया कि आगामी दिनों में विद्यालयों और महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा विषय पर निबंध, चित्रकला, भाषण एवं अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विद्यार्थियों को भी जागरूक किया जाएगा। पुलिस का मानना है कि जनभागीदारी और जागरूकता के माध्यम से ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। इसी उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
