प्रतापगढ़ पुलिस ने समूह लोन के 9 लाख रुपए के गबन के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। ये कार्रवाई स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड कंपनी, हैदराबाद द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संजय धनगर (27) पुत्र गोपाल धनगर, निवासी सुरखेड़ा, तहसील सीतामऊ, जिला मंदसौर के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में अन्य वांछित आरोपियों की तलाश कर रही है। कंपनी के प्रार्थी जितेंद्र सिंह ने 11 अगस्त 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि अरविंद सिंह, संजय धनगर, पवन कुमार मेघवाल, विजयपाल सिंह और राजेंद्र सिंह चंद्रावत सहित पांच व्यक्तियों ने समूह लोन के खाताधारकों के साथ विश्वासघात किया। इन आरोपियों पर खाताधारकों की किस्तों को निजी उपयोग में खर्च करने की नीयत से बेईमानी करने और फरार होने का आरोप है। शिकायत के आधार पर प्रतापगढ़ थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबत सिंह और पुलिस उप अधीक्षक गजेंद्र सिंह राव के मार्गदर्शन में थानाधिकारी दीपक कुमार की टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान, फरार आरोपियों की तलाश की गई और पहले से ही अरविंद सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका था। वहीं, पुलिस ने 18 सितंबर को संजय धनगर को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अन्य वांछित आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।
