प्रतापगढ़ में भीषण गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। जिले में दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। पंखे और कूलर भी अब गर्मी के आगे बेअसर साबित हो रहे हैं। पिछले एक सप्ताह से जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है। दोपहर के समय शहर और कस्बों के बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है। लोग केवल आवश्यक कार्य होने पर ही बाहर निकल रहे हैं और शाम होने का इंतजार करते हैं। तेज धूप और लू के थपेड़ों से बचने के लिए दोपहिया वाहन चालक मुंह पर कपड़ा बांधकर यात्रा कर रहे हैं, जबकि राहगीर छाते और गमछे का उपयोग कर रहे हैं। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थ, शिकंजी और जूस का सेवन कर रहे हैं। मौसम विभाग ने आगामी एक सप्ताह तक हीटवेव का असर बने रहने की संभावना जताई है। जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों से दोपहर में धूप में न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।