प्रतापगढ़ पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने धरियावद रोड से पंकज चौधरी को पकड़ा है। जिसके पास से अंग्रेजी और देसी शराब से भरे छह कार्टून बरामद किए गए है। थानाधिकारी दीपक बंजारा के नेतृत्व में गठित टीम ने सूचना पर धरियावद रोड स्थित गायत्री माता मंदिर के पास दबिश दी। यहां से अचलपुर, सुहागपुरा निवासी पंकज (25) पुत्र सुनील टांक चौधरी को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी ने बताया बुधवार को कोतवाली थाना पुलिस टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति धरियावद रोड पर शराब बेचने के इरादे से खड़ा है। सूचना मिलने पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से छह कार्टून में विभिन्न कंपनियों की अवैध शराब पाई गई। आरोपी पंकज चौधरी शराब बिक्री का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। अवैध शराब जब्त कर आरोपी पंकज चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना प्रतापगढ़ में उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। ये कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबत सिंह और वृत्ताधिकारी प्रतापगढ़ गजेंद्र सिंह राव के मार्गदर्शन में की गई।
