प्रतापगढ़ पुलिस ने छोटीसादड़ी के राजुखेड़ा स्थित एफएसटी प्लांट में हुई लूट के मामले में एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर चोरी और नकबजनी की घटनाओं का खुलासा करने और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत संतोष बावरी नामक अभियुक्त को पकड़ा गया। यह घटना 13 मई, 2025 की रात को हुई थी। प्रार्थी अंकित सिंह (30), निवासी नवादा मधुकर, ने 14 मई, 2025 को छोटीसादड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अंकित सिंह आईएनडी सेनिटेशन सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में ठेकेदारी का काम करते हैं, और राजुखेड़ा रोड पर एफएसटी प्लांट में उनका काम चल रहा था। शिकायत के अनुसार, घटना की रात अंकित सिंह और चौकीदार देवीलाल मीणा प्लांट पर सो रहे थे। तभी अज्ञात बदमाशों ने ट्रांसफॉर्मर तोड़कर प्लांट में प्रवेश किया और उनके साथ मारपीट की। बदमाश नकदी, पंखा, स्पीड लाइट, वाटर मोटर और तार सहित अन्य सामान लूटकर ले गए। इस संबंध में प्रकरण संख्या 125/2025, धारा 331(6), 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने वारदात का खुलासा करते हुए इससे पहले तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में संतोष बावरी (32), निवासी बंबोरा, थाना छोटीसादड़ी, काफी समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य फरार साथियों की तलाश जारी है।