भीलवाड़ा में एक बुजुर्ग महिला की पोते ने चिमटे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। चिमटे के हमले से महिला के सिर पर चोट लगी और वे बेहोश होकर गिर पड़ी। परिजन उसे लहूलुहान हालत में हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हमले के बाद आरोपी पोता मौके से भाग निकला और गांव में मक्के के खेतों में जाकर छुप गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 4 घंटे की तलाश के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। मामला पारोली थाना क्षेत्र के बागड़ा गांव का है। गांव में पूजा कर रहा था, अचानक चिमटा लेकर घर में घुसा
थाना प्रभारी प्रभाती लाल मीणा ने बताया- आरोपी लालाराम (28) पुत्र रामलाल माली गांव में बने धार्मिक स्थान पर भोपा के रूप में सेवा पूजा करता था। रविवार की सुबह भी वह सेवा पूजा कर रहा था। सुबह करीब 8.30 बजे आरोपी पूजा में उपयोग होने वाला चिमटा लेकर आया और बुजुर्ग महिला के सिर पर कई वार किए। सिर में चोट लगने से बुजुर्ग महिला वहीं पर गिर गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के बेटे की शिकायत पर मामला दर्ज किया और शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। पुलिस ने घटनास्थल से चिमटा बरामद किया है। खाना बनाते समय किया हमला
कान्हा पुत्र सोमनाथ माली ने बताया- मेरी मां एजी देवी (60) सुबह घर में चूल्हे पर खाना बना रही थी। इस दौरान मेरा भतीजा लाला राम घर पर आया। उसने पूजा में इस्तेमाल होने वाले लोहे के बड़े चिमटे से मां के सिर पर कई वार किए। चिमटे के वार से मां का सिर फट गया और वे लहूलुहान हालत में गिर पड़ी। कान्हा ने बताया- मैंने लाला राम को रोकने की भी कोशिश की, लेकिन वह मां पर लगातार हमला करता रहा। गंभीर हालत में मां को सरकारी हॉस्पिटल में लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
