श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक में प्राविधिक शिक्षा मंडल (BTER) की सेमेस्टर परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। संस्थान में आयोजित एक समारोह में फैशन डिजाइन डिप्लोमा की मेधावी छात्राओं की उपलब्धियों का जश्न मनाया गया। इस अवसर पर शहर की प्रसिद्ध फैशन डिजाइनर सिमरण और अमरजीत कौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। उन्होंने छात्राओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया और अपने अनुभव साझा किए। सिमरण ने फैशन डिजाइन क्षेत्र में सफलता के लिए निरंतर सीखने की इच्छा और धैर्य को महत्वपूर्ण बताया। अमरजीत कौर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने एक छोटे कस्बे से शुरुआत कर कड़ी मेहनत और प्रशिक्षण के बल पर अपना मुकाम बनाया। उन्होंने छात्राओं को रचनात्मकता और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी, ताकि वे प्रतिस्पर्धी माहौल में स्वयं को स्थापित कर सकें। संस्थान की छात्राओं ने इस बार असाधारण प्रदर्शन किया। नवजोत कौर और राधिका ने 10 सीजीपीए (CGPA) हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। इनके अतिरिक्त नताशा, प्रियंका, प्रतिभा, अश्मंदीप, दिव्या, खुशी, अमनदीप और अर्शदीप ने 9.8 से अधिक सीजीपीए प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया। संस्थान के निदेशक आनंद जैन ने इस परिणाम को मजबूत शैक्षणिक माहौल और व्यावहारिक प्रशिक्षण का प्रतिफल बताया। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य छात्राओं को कौशल और रचनात्मक सोच से सशक्त बनाना है। विभागाध्यक्ष मोनिका चावला ने छात्राओं की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन को इस सफलता का आधार बताया और भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
