जोधपुर के एयरपोर्ट रोड स्थित पाबूपुरा गांव में पानी की समस्या को लेकर ग्रामीण टंकी पर चढ़ गए। ग्रामीणों के साथ महिलाएं भी टंकी पर चढ़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस और जलदाय विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। पाबूपुरा निवासी मनोज नायक ने बताया कि पिछले करीब 10 दिन से गांव में पेयजल की समस्या बनी हुई है। गांव में पानी या तो बहुत कम आता है या आता ही नहीं है। ऐसे में परेशान ग्रामीण आज गांव की पानी की टंकी पर महिलाओं सहित चढ़ गए। इसके बाद एयरपोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जलदाय विभाग के अधिकारियों को सूचित किया। नियमित पेयजल सप्लाई के आश्वासन पर उतरे नीचे सूचना मिलने पर जलदाय विभाग के एईएन अभिषेक गुर्जर और जेईएन विनोद मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को शटडाउन के अलावा एक दिन छोड़कर एक से डेढ़ घंटे तक सुबह पानी की सप्लाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण टंकी से नीचे उतरे। टैंकर से पानी मंगवा कर चलाना पड़ रहा काम मनोज ने ने बताया कि गांव में पानी की समस्या के चलते लोगों को महंगे दाम पर टैंकर से पानी मंगवा कर काम चलाना पड़ रहा है। गांव में करीब 200 घरों की आबादी है जिसको इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के आसपास आसपास निजी कालोनिया काटी है जिनमें पेयजल आपूर्ति हो रही है लेकिन उनके गांव में पानी नहीं आ रहा है। प्रदर्शन के दौरान पाबूपुरा के ग्रामीण मनोज, सचिन, जयप्रकाश, बादल, नरेंद्र, दिनेश, कारण, प्रमोद नायक आदि मौजूद रहे। देखिए विरोध के PHOTOS…
