जालंधर| गांव धारीवाल कादियां स्थित पेट्रोल पंप पर हुई लूट की घटना को गुरदासपुर देहात पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में तीन लुटेरे गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने खुलासा किया है कि लूट की राशि 2 लाख नहीं, बल्कि मात्र 47 हजार रुपए थी। एसपी (डी) सरबजीत सिंह राय ने बताया कि 8 दिसंबर को पेट्रोल पंप पर पिस्तौल के बल पर लूट की गई थी। थाना लांबड़ा में धारा 311, 61(2) बीएनएस तथा 25 आर्म्स एक्ट दर्ज करके तफ्तीश शुरू की गई। मामले की जांच के दौरान एएसआई बलजिंदर सिंह ने तीन आरोपियों को काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान शम्मी हंस उर्फ तोरी और बबरीक उर्फ बेबी दोनों निवासी गांव गाखला, पंकज कुमार उर्फ पंकू निवासी गांव सफीपुर के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि धारीवाल कादियां के एक पेट्रोल पंप पर लूट की सूचना मिली थी। इसके बाद देहात पुलिस की स्पेशल टीमें तुरंत एक्टिव हो गईं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, टेक्निकल सर्विलांस के सहारे लुटेरों तक पहुंच गई। जिक्रयोग है कि 8 दिसंबर को जब लूट हुई थी, तब पेट्रोल पंप संचालकों ने कहा था कि लुटेरे दो लाख रुपए लूटकर फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने खुलासा किया है कि लूट 47 हजार रुपए की हुई थी। पेशे से पेंटर तीनों आरोपियों ने जल्दी पैसा कमाने के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया। लूटपाट में जिस हथियार का इस्तेमाल किया, वह खिलौना पिस्तौल था और 1500 रुपए में खरीदा था। पकड़े जाने पर लुटेरों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्होंने पेट्रोल पंप कर्मचारियों को डराने के लिए खिलौना पिस्तौल का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने आरोपियों से कुल राशि 47 हजार में से 10500 रुपए बरामद किए हैं। खिलौना पिस्तौल भी जब्त कर लिया गया है। लूटी गई बाकी रकम की बरामदगी को पूछताछ जारी है।