स्कूल व्याख्याता (कृषि विज्ञान) भर्ती परीक्षा-2022 पेपर लीक मामले में SOG लगातार दूसरे दिन RPSC के पूर्व अध्यक्ष डॉ. शिव सिंह राठौड़ से पूछताछ कर रही है। सूत्रों की मानें तो एसओजी के अधिकारियों ने उनसे RAS भर्ती-2018 और उसके इंटरव्यू से जुड़े सवाल भी किए हैं। RAS भर्ती में चयनित हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के रिश्तेदारों के इंटरव्यू को लेकर सवाल पूछे गए हैं। दरअसल, डॉ. शिव सिंह RAS भर्ती इंटरव्यू के लिए बनाए गए बोर्ड में शामिल थे। SOG ने शिव सिंह से यह पूछताछ आरपीएससी के पूर्व सदस्य बाबूलाल कटारा से मिले इनपुट के आधार पर की। हालांकि RAS भर्ती-2018 के इंटरव्यू के दौरान बाबूलाल कटारा RPSC में नहीं थे। बुधवार सुबह 10 बजे से SOG मुख्यालय में शिव सिंह से पूछताछ जारी है। 10 मई को जारी किया था नोटिस एसओजी थाने में दर्ज स्कूल व्याख्याता (कृषि विज्ञान) भर्ती परीक्षा-2022 में हुई गड़बड़ी के मामले में 10 मई को शिव सिंह को नोटिस जारी किया था। यह नोटिस एसओजी के एडिशनल एसपी चिरंजीलाल मीणा ने जारी किया था। नोटिस में शिव सिंह को 11 मई को सुबह 10 बजे एसओजी मुख्यालय में पेश होने को कहा गया था। एसओजी ने पहले शिव सिंह को वॉट्सएप पर नोटिस भेजा, जो शिव सिंह को 10 मई को शाम 5:08 बजे मिला। बाद में 11 मई को रात 9:12 बजे नोटिस की हार्ड कॉपी भी दी गई। हालांकि, शिव सिंह ने एसओजी को लिखित में जवाब दिया कि इतने कम समय में उनके लिए पहुंचना संभव नहीं है। शिव सिंह ने कहा था- मैं रिटायर हो चुका था नोटिस के जवाब में डॉ. शिव सिंह ने लिखा था- स्कूल व्याख्याता (कृषि विज्ञान) भर्ती परीक्षा-2022 मामले से पहले ही मैं रिटायर हो चुका था। 29 जनवरी 2022 को मेरा कार्यकाल पूरा हो गया था। स्कूल व्याख्याता (कृषि विज्ञान) भर्ती का जो विज्ञापन था, वह 28 अप्रैल 2022 को मेरा कार्यकाल खत्म होने के बाद जारी हुआ था। परीक्षा अक्टूबर 2022 में आयोजित की गई थी। परीक्षा में मेरा कोई लेना-देना नहीं रहा, न ही इस संबंध में मुझे कोई जानकारी है। इस जवाब में शिव सिंह ने अपने मेडिकल कंडीशन का भी हवाला दिया था। हालांकि 12 मई को शिव सिंह एसओजी के सामने पूछताछ के लिए पेश हुए। 60 लाख में बेचा गया था पेपर जयपुर स्थित एसओजी मुख्यालय में 10 मई को पेपर लीक रैकेट का खुलासा किया था। जांच में सामने आया था कि स्कूल व्याख्याता (कृषि विज्ञान) भर्ती परीक्षा-2022 का पेपर 60 लाख रुपए में बेचा गया था। पेपर लीक के मास्टरमाइंड शेर सिंह मीणा ने एसओजी की पूछताछ में स्वीकार किया था कि स्कूल व्याख्याता (कृषि विज्ञान) का पेपर उसे तत्कालीन RPSC मेंबर बाबूलाल कटारा ने 60 लाख रुपए में दिया था। एसओजी की पूछताछ के दौरान शेर सिंह ने लेक्चरर पेपर लीक में पूर्व अध्यक्ष डॉ. शिव सिंह राठौड़ का नाम लिया था। … यह खबर भी पढ़िए… पेपरलीक मामला- RPSC के पूर्व अध्यक्ष शिव सिंह राठौड़ तलब:स्कूल लेक्चरर भर्ती परीक्षा-2022 से जुड़े केस में पूछताछ हुई; RPSC के एक यूडीसी को भी पकड़ा प्राध्यापक (इतिहास) भर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थी से बना लेक्चरर:रिकॉर्ड बदलने के लिए RPSC कर्मचारी ने मांगे थे 8 लाख; यूडीसी सहित 2 आरोपी गिरफ्तार
