पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अपने दो दिवसीय दौरे पर झालावाड़ पहुंचीं। वह 9 अप्रैल को कामखेड़ा बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद अपने पुत्र सांसद दुष्यंत सिंह की पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। सांसद दुष्यंत सिंह की पदयात्राएं जिलेभर में चल रही हैं, जो मनोहरथाना विधानसभा क्षेत्र की पदयात्रा का हिस्सा है। राजे का झालावाड़ पहुंचने पर डाक बंगले में कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ और एसपी अमित कुमार बुडानिया ने गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी उनका अभिनंदन किया। वह शाम करीब 4:30 बजे डाक बंगले पहुंची थीं। डाक बंगले में पहुंचने के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का उनसे मिलने का सिलसिला जारी रहा। पूर्व मुख्यमंत्री का झालावाड़ से छबड़ा जाने का कार्यक्रम है, जिसके बाद वह आज रात को ही झालावाड़ डाक बंगले वापस लौटेंगी। इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी एसीई मुकेश मीणा, जिला परिषद सीईओ शम्भूदयाल मीना, डिप्टी हर्षराज सिंह खरेड़ा और भाजपा नेता श्याम सुंदर शर्मा सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे। हालांकि, सांसद दुष्यंत सिंह पिछले दो दिनों से बारां जिले के दौरे पर हैं। वसुंधरा राजे का झालावाड़ जिले की तीन विधानसभाओं की पदयात्राओं में पहले भी शामिल होना राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय रहा है। झालरापाटन विधानसभा से विधायक होने के नाते, उनका एक बार फिर जिले की अंतिम विधानसभा में पदयात्रा को हरी झंडी दिखाने के लिए शामिल होना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पदयात्रा के बाद उनके अगले कार्यक्रम के बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।