अलवर के थानागाजी से बीजेपी के 2 बार विधायक रह चुके पूर्व कैबिनेट मंत्री हेम सिंह भड़ाना का सोमवार सुबह 7 बजे निधन हो गया। वे करीब 5 महीने से कैंसर से पीड़ित थे। उनका अंतिम संस्कार किशनगढ़बास के बघेरी में किया जाएगा। छात्र राजनीति से निकलकर हेम सिंह भड़ाना 2 बार थानागाजी विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। दूसरी बार विधायक बनने पर वे वसुंधरा राजे सरकार में पहले राज्य मंत्री बने। इसके बाद उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया। हमेशा साफगोई के लिए खास पहचान रखने वाले भड़ाना का थानागाजी क्षेत्र के लोगों से विशेष लगाव रहा। वे अलवर शहर में रहने के बावजूद हर दिन थानागाजी क्षेत्र में आमजन से मिलने जाते थे। कैंसर का पता चलने के बाद भी वे लगातार लोगों से मिलते रहे। भड़ाना के 2 बेटे हैं। एक बिजनेस करते हैं और दूसरे सुरेंद्र भड़ाना राजनीति में सक्रिय हैं। वे अपने पिता के समय से ही राजनीति में सक्रिय हो गए थे। उनका मूल निवास किशनगढ़बास का बघेरी है। अलवर शहर में वीरसावरकर नगर में उनका आवास है। उनकी कर्मभूमि थानागाजी है। 2023 के विधानसभा चुनाव में वे बहुत कम वोटों से चुनाव हार गए थे। पार्टी के अलवर जिला मीडिया प्रभारी लक्ष्मीनारायण ने बताया- पूर्व मंत्री का निधन निजी अस्पताल में हुआ है। उनके निधन के कारण पार्टी के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।
