हनुमानगढ़ की गोगामेड़ी थाना पुलिस ने डकैती की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक विदेशी पिस्टल, देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, लोहे का कापा और अन्य सामान बरामद किया है। यह कार्रवाई गोगामेड़ी क्षेत्र में एक खेत में की गई, जहां बदमाश डकैती की योजना बना रहे थे। मौके से पांच आरोपियों को पकड़ा गया, जबकि दो अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल (20), जसविंद्र (19), रामनिवास (19), अजय (21) निवासी गोगामेड़ी और अशोक (19) निवासी खचवाना के रूप में हुई है। फरार आरोपियों में सुनील उर्फ डेला निवासी जांडवाला (हरियाणा) और रामनिवास निवासी कागदाना (हरियाणा) शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में संगठित अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत गोगामेड़ी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश गांव के पास एक खेत में डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी चंद्रकला के नेतृत्व में एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि कुछ लोग एकत्र होकर डकैती की योजना पर चर्चा कर रहे थे और हथियारों से लैस थे। पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ डकैती की साजिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चूंकि फरार आरोपी हरियाणा के हैं, ऐसे में पुलिस गिरोह के अंतर्राज्यीय संबंधों की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।
