डीडवाना जिले में अवैध हथियारों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पीलवा थाना पुलिस ने एक आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक टोपीदार बंदूक जब्त की है। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचंद खारिया और वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी महीराम विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसूचना के आधार पर ग्राम पीह की सरहद में दबिश दी। दबिश के दौरान पुलिस ने भवानी सिंह (42) को गिरफ्तार किया। भवानी सिंह नागौर जिले के थांवला थाना क्षेत्र स्थित मादा की ढाणी का निवासी है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल दयाराम, कॉन्स्टेबल महेंद्र और कॉन्स्टेबल नंदकिशोर की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।