‘अब तक मेरे बच्चों के इंटरव्यू होते थे, आज उनकी मौत की खबर बन रही है।’ ये दर्द उस पिता (जितेंद्र शर्मा) का है, जिनके दो बेटों की फ्लैट में लगी आग में दम घुटने से मौत हो गई। दरअसल, कोटा के अनंतपुरा थाना इलाके की दीप श्री मल्टी स्टोरी के फ्लैट नंबर 403 में शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। फ्लैट में धुआं फैलने से जितेंद्र शर्मा के दोनों बेटों शौर्य (15) और वीर (10) का दम घुट गया और उनकी मौत हो गई। दैनिक भास्कर ने जितेंद्र से बात की तो उनका दर्द फूट पड़ा… जितेंद्र शर्मा ने बताया- शौर्य IIT में एडमिशन के लिए जॉइंट एंट्रेंस टेस्ट (JEE) की तैयारी कर रहा था। कोचिंग में अंडर-100 रैंक हासिल कर चुका था। छोटा बेटा वीर ‘श्रीमद रामायण’ समेत कई टीवी सीरियल और राजस्थानी गानों में काम कर चुका था। 2 अक्टूबर को मुंबई में फिल्म की शूटिंग के लिए जाना था। बच्चे भी जागरण में गए थे, लेकिन जल्दी घर आ गए थे
पिता जितेंद्र शर्मा ने बताया- देर रात हम बिल्डिंग के बाहर जागरण में थे। बच्चे भी जागरण में गए थे, लेकिन रात 11 बजे वे घर आकर सो गए थे। रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच ऊपर फ्लोर पर रहने वालों ने कॉल कर सूचना दी कि आपके फ्लैट से धुआं निकल रहा है। जितेंद्र शर्मा ने बताया कि जब मैं फ्लैट पर पहुंचा तो दरवाजा नहीं खुला। तब तक आसपास के लोग भी आ गए। सबने मिलकर दरवाजा तोड़ा। दरवाजा तोड़ते समय हाथ में भी चोट आई। अलग-अलग जगह मिले दोनों बेटे
जितेंद्र शर्मा ने बताया- अंदर जाकर देखा तो बड़ा बेटा शौर्य बाथरूम के पास गिरा पड़ा था। छोटा बेटा वीर ड्रॉइंग रूम के फर्श पर पड़ा मिला। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस दौरान जितेंद्र भावुक हो गए। उन्होंने कहा- अब तक मेरे बच्चों के इंटरव्यू होते थे, लेकिन आज उनकी मौत की खबर बनानी पड़ रही है। टीवी एक्ट्रेस मां मुंबई में थीं
शौर्य और वीर की मां रीता शर्मा एक्ट्रेस हैं। वे टीवी सीरियल्स में काम करती हैं। हादसे के समय वह मुंबई में थीं। रीता शर्मा मुंबई से कोटा पहुंच चुकी हैं। वहीं, पिता जितेंद्र शर्मा कोचिंग फैकल्टी है। बच्चों ने बाहर निकलने की कोशिश की, धुएं से दम घुट गया
मल्टी स्टोरी के आठवें फ्लोर पर रहने वाले राकेश गुप्ता ने बताया कि जब सभी लोग जागरण से लौटे तो सूचना मिली कि जितेंद्र शर्मा के फ्लैट में आग लगी है। सभी लोग दौड़कर पहुंचे और गेट तोड़ा। ड्रॉइंग रूम का सोफा और फर्नीचर जल चुके थे। बच्चों ने बाहर निकलने की कोशिश भी की, लेकिन धुएं से दम घुट गया। प्लग बोर्ड में हुआ शॉर्ट सर्किट
अनंतपुरा थाना अधिकारी भूपेंद्र सिंह चारण ने बताया- देर रात सूचना मिलते ही हम मौके पर पहुंच गए थे। बाहर ड्रॉइंग रूम में पूरा फर्नीचर जल चुका था। बच्चों की मां रीता शर्मा के आने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाया गया। शव परिजनों को सौंप दिए हैं। जांच में सामने आया कि शॉर्ट सर्किट प्लग बोर्ड में हुआ था। ………. ये खबर भी पढ़ें… कोटा में टीवी-एक्ट्रेस के 2-बच्चों की दम घुटने से मौत:शॉर्ट सर्किट के कारण फ्लैट में लगी आग, छोटा बेटा भी एक्टर था कोटा में फ्लैट में आग लगने से एक टीवी एक्टर सहित दो नाबालिग भाइयों की मौत हो गई। पड़ोसियों ने फ्लैट से धुआं उठते देखा तो तुरंत दरवाजा तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला। बेहोशी की हालत में उन्हें हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। (पूरी खबर पढ़ें)
