दौसा में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दंपती और 2 बच्चों को कुचल दिया। हादसे में पति-पत्नी और उनकी 4 साल की भतीजी की मौत हो गई। 3 साल का मासूम घायल हो गया। वह मां की गोद से छिटककर दूर जा गिरा। हादसे के बाद तीन साल का मासूम मां-बाप के शव को देख रहा था कि अब कुछ बोलेंगे, लेकिन उसे क्या पता था कि वह कभी नहीं बोलेंगे। बाइक को टक्कर मारने के बाद पिकअप भी पलट गई। हादसा दौसा से 20 किमी दूर भांडारेज कस्बे के पास गुरुवार दोपहर 3:30 बजे हुआ। सूचना पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने तीनों शव को जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने दौसा-लालसर रोड पर जाम लगा दिया। अवैध और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने 1 घंटे बाद ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर
सदर थाना SHO हनुमान सहाय ने बताया- गोठड़ा गांव निवासी महेंद्र योगी (35) पुत्र घनश्याम, अपनी पत्नी नारंगी देवी (33), भतीजी वर्षा (4) और तीन साल के बेटे यश के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे थे। घर से करीब 15 किलोमीटर दूर पहुंचे थे कि लालसर रोड पर बाग की ढाणी के पास तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में महेंद्र योगी, नारंगी देवी की मौके पर मौत हो गई। भतीजी वर्षा (पुत्री कैलाश योगी) ने हॉस्पिटल ले जाते समय दम तोड़ दिया। महेंद्र योगी का बेटा यश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद जयपुर रेफर किया गया है। हादसे में पिकअप ड्राइवर साहिल (22) निवासी बगरू (जयपुर) को भी चोटें आई है, उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। महेंद्र योगी मजदूरी करता था। परिवार में एक भाई है। हादसे के बाद लोगों ने लगाया जाम
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने दौसा-लालसर रोड पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने कहा- डबल लेन होने के बावजूद यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही और चौड़ाई कम होने के कारण पिछले कुछ महीनों में कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से रोड चौड़ीकरण और स्पीड कंट्रोल करने की मांग की। 1 घंटे बाद खुला जाम
सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
