अमर शहीद बीरबल सिंह जीनगर के 80वें शहादत दिवस पर मंगलवार को जीनगर समाज एवं प्रगतिशील युवा संस्था की ओर से पाली के न्यू मोची कॉलोनी स्थित शहीद बीरबल सिंह बगेची में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में अखिल भारतीय एकीकरण जीनगर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेश परमार ने शहीद बीरबल सिंह जीनगर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर साफा पहनाया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर महासचिव ओमप्रकाश बागड़ी, उपाध्यक्ष टीकमचंद चौहान, कोषाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण सिसोदिया, राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष गोविंद गोयल एवं प्रदेश महासचिव गोविंद राठौड़ सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अव्वल आए प्रतिभागियों को मिले पुरस्कार
प्रगतिशील युवा संस्था की ओर से दयानंद बगेची में आयोजित पांच दिवसीय खेलकूद सप्ताह एवं प्रतिभावान सम्मान समारोह के तहत छात्रों को साफा, दुपट्टा, प्रशस्ति पत्र, नकद पुरस्कार एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। 2 से 15 वर्ष तक के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस एवं डांस प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेश परमार की ओर से 2 हजार रुपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1500 रुपए और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1100 रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों को 500-500 रुपए देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। खेल सप्ताह के दौरान आयोजित क्रिकेट, मेहंदी एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रधानाचार्य तुलसीराम चौहान (राजकीय विद्यालय, राणा) ने साफा, दुपट्टा, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेश परमार ने कहा कि शहीद बीरबल सिंह जीनगर ने तिरंगे की आन, बान और शान की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रगतिशील युवा संस्था के अध्यक्ष पृथ्वीराज चौहान, उपाध्यक्ष कमलेश सांखला, भरत सांखला, सचिव कांतिलाल सांखला, कोषाध्यक्ष कुलदीप बोराणा, कल्याण गहलोत, पन्नालाल चौहान, कमल चौहान, टीकम चौहान, अमृत सांखला, श्रवण चितारा, मनोज गोयल, प्रेम पंवार सहित समाज के युवाओं का विशेष सहयोग रहा।