पाली में रिटायर्ड सरकारी टीचर घर में लगी आग से जिंदा जल गए। बेटे ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो पाया। उनके घर के नीचे स्थित ग्रोसरी स्टोर में आग लगी थी। धुआं उनके कमरे तक पहुंचा तो पहले उन्होंने पास के कमरे में सो रहे बेटे, बहू और पोते को जगाया और उन्हें नीचे लेकर आए। इसके बाद खुद कुछ सामान लेने ऊपर गए। इसके बाद लौटे नहीं। फायर ब्रिगेड ने 2 घंटे बाद आग बुझाने के बाद उनके शव को कमरे के बेड पर पड़ा पाया। मामला पाली के कोतवाली थाना इलाके के भैरूघाट स्थित अमित स्टोर का शनिवार देर रात 2 बजे का है। 3 पॉइंट में समझिए पूरी घटना 1. रिटायर्ड टीचर जिंदा जले कोतवाली थाने के एएसआई शंकरलाल ने बताया – शनिवार रात करीब 2.15 बजे सूचना मिली थी कि भैरूघाट स्थित अमित जनरल स्टोर में आग लग गई है। सूचना मिलते ही दमकल को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान रिटायर्ड टीचर राजेंद्र कुमार शर्मा (65) पुत्र जीवनदास की जलने से मौत हो गई है। शव को मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया है। 2. परिवार के लोगों को उठाया, बचाकर बाहर लाए पुलिस की जांच में सामने आया कि राजेंद्र कुमार शर्मा के घर के नीचे अमित स्टोर है। आग यहां लगी थी। जो धीरे-धीरे स्टोर के ठीक ऊपर बने कमरे तक पहुंच गई। कमरे में सो रहे रिटायर्ड टीचर राजेंद्र कुमार शर्मा आग लगने के बाद उठ गए थे। इसके बाद वे पास की के कमरे में सो रहे बेटे अमित, बहू और पोते को उठा कर नीचे ले आए। इसके बाद अचानक ही वे ऊपर जाने लगे। 3. आग भड़की, घर में फैला करंट मामले की जानकारी देते हुए बेटे अमित ने बताया- आग लगने के चलते उसके पिता ने ही परिवार के भी सदस्यों को उठाया और समय रहते घर से बाहर लेकर आ गए थे। हम सब घबराए हुए थे। इधर, पिताजी फिर से कुछ सामान लेने ऊपर चले गए। मैं उन्हें लेने के लिए ऊपर गया। इस दौरान आग ऊपर वाले कमरे में तेज हो गई थी। मैं भी झुलस गया और घर में करंट भी फैल चुका था। ऐसे में ऊपर कमरे तक भी नहीं जा सका। तस्वीरों में देखिए पूरा घटनाक्रम