पाली में चाइनीज मांझे से 5 साल के मासूम का गाल कट गया। इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। जहां उसके कटे गाल को ठीक करने के लिए डॉक्टर्स ने 14 टांके लगाए। मकर संक्रांति के बीत जाने के दो वीक बाद भी इस तरह की घटना होना साफ बता रहा है कि शहर में अब भी चाइनीज मांझा बिक रहा है। जो प्रशासन की नाकामी को उजागर कर रहा है। दरअसल शुक्रवार शाम को राइकों की ढाणी मणि नगर निवासी 5 साल का रोहित अपने पिता देवाराम के साथ उनकी बाइक पर बैठ कर फल खरीदने जा रहा था। इस दौरान रास्ते में अचानक एक पतंग कटकर देवाराम की बाइक के सामने आ गई। चाइनीज मांझे की चपेट में आने से रोहित के गाल पर गहरा कट लग गया।
इलाज के लिए उसे पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाए।चाइनीज मांझे से मासूम के गाल पर करीब 3 सेमी तक कट किया। बांगड़ हॉस्पिटल में बच्चे के गाल की डर्मिक लेयर कट लगने के कारण 14 टांके डॉक्टर ने लगाकर गाल को ठीक किया। सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. परीक्षित सिंह ने बताया कि चमड़ी के सबसे ऊपर जिसे सुपर फेशियल कट कहते हैं जो अपने आप ठीक हो जाता है। लेकिन डीप स्किन एपिडमिक और डर्मिक कट होने से टांके लगाने पड़े।