जोधपुर नगर निगम के चुनाव को लेकर मंगलवार को स्क्रूटनी की प्रक्रिया पूरी हुई। इस स्क्रूटनी में भाजपा और कांग्रेस की दावेदारी जताने वाले कई नेताओं के नामांकन ​रिजेक्ट हो गए हैं। हालांकि जोधपुर के ​कौनसे वार्ड से किसका नामांकन रिजेक्ट हुआ। इसकी प्रक्रिया देर रात चलती है, लेकिन बताया जा रहा है कि दोनों पार्टियों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने दावेदारी पेश की थी। 100 वार्डों के लिए 698 उम्मीदवारों ने पेश किया था नामांकन नगर निगम जोधपुर के 100 वार्डों के लिए सोमवार को 698 अभ्यर्थियों की ओर से 823 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इनमें कुल 725 अभ्यर्थियों द्वारा 864 नामांकन प्रस्तुत किए गए थे। मंगलवार को इन सभी की स्क्रूटनिंग की प्रक्रिया की गई। इनमें कई नेताओं के नामांकन रिजेक्ट हुए हैं। कल से चलेगा मान-मनुहार का दौर दरअसल, नामांकन के दौरान दोनों दलों के कई ऐसे कार्यकर्ता भी थे, जिन्होंने पार्टी और निर्दलीय दोनों के तौर पर नामांकन दाखिल किया था। पार्टी से किसी एक के नाम का सिंबल मिलने पर बाकी के नामांकन रिजेक्ट हो गए थे, लेकिन जिन लोगों ने निर्दलीय नामांकन पेश किया था, वे अब मैदान में हैं। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी चुनौती इन्हें मनाने की है। बताया जा रहा है ​कि इस डैमेज कंट्रोल को रोकने के लिए बुधवार से मान-मनुहार का दौर चलेगा। गौरतलब है कि नामांकन लेने की आखिरी तारीख 3 सितंबर है। ऐसे में दो दिन में इन्हें मनाने का दौर चलेगा।