झालावाड़ नगर परिषद के वार्ड 31 के निवासियों ने राजस्थान पत्रिका की ओर से आयोजित स्पीक आउट कार्यक्रम में खुलकर अपनी समस्याएं रखी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्षद ईनाम जफर ने वार्डवासियों को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। नलों में पानी नहीं आने, रोड खराब होने, टॉयलेट नहीं होने, लाइट की अघोषित कटौती व अधिकारियों द्वारा फोन नहीं उठाने जैसी समस्याओं को उठाया। वार्ड के लोगों ने कहा कि नालों की सफाई न होने और कचरा समय पर नहीं उठाने से जगह-जगह गंदगी का आलम बना हुआ है। पानी भी समय पर नहीं पहुंच रहा है। पानी आपूर्ति के समय लाइट कटौती होने से घरों के नलों में पानी नहीं पहुंचता।
