पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी सुमित कुमार को सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच सीजेएम कोर्ट महानगर प्रथम में पेश किया गया। असम स्थित एयरफोर्स स्टेशन से जुड़ी जासूसी के एक गंभीर मामले में आगे की जांच के लिए राजस्थान इंटेलिजेंस की ओर से आरोपी का 12 दिन का रिमांड मांगा । सुनवाई के बाद कोर्ट ने आरोपी सुमित कुमार को 2 अप्रैल तक रिमांड पर सौंपा है। ये आदेश सीजेएम कोर्ट जयपुर महानगर – 1 के जज प्रियशंकर सिंह द्वारा जारी किए गए। कोर्ट में राजस्थान इंटेलिजेंस की ओर से एडवोकेट सुदेश सत्तावन ने पैरवी की। जानकारी के अनुसार, राजस्थान इंटेलिजेंस और एयरफोर्स इंटेलिजेंस नई दिल्ली की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया था। सुमित कुमार असम के डिब्रूगढ़ स्थित चबुआ एयरफोर्स स्टेशन में मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) के पद पर तैनात था। जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान के हैंडलर्स के लिए जासूसी करता था और एयरफोर्स स्टेशन समेत अन्य संवेदनशील सूचनाएं सोशल मीडिया के जरिए साझा करता था। आरोपी भारतीय वायुसेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारी सांझा कर रहा था। जो देश की सुरक्षा के लिए बेहद गंभीर मामला है। वह अपने पद का दुरुपयोग कर गोपनीय जानकारियां जुटाता और उन्हें पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी तक पहुंचाता था।
इस पूरे नेटवर्क का खुलासा जनवरी 2026 में जैसलमेर निवासी झबराराम की गिरफ्तारी के बाद हुआ। झबराराम से पूछताछ के दौरान सुमित कुमार का नाम सामने आया, जो लगातार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों के संपर्क में था। इसके बाद राजस्थान इंटेलिजेंस और एयरफोर्स इंटेलिजेंस की टीमें आरोपी पर नजर बनाए हुए थीं। उचित समय पर कार्रवाई करते हुए उसे चबुआ से हिरासत में लेकर जयपुर स्थित केंद्रीय पूछताछ केंद्र लाया गया, जहां विभिन्न एजेंसियों ने उससे पूछताछ की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी वर्ष 2023 से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के संपर्क में था और रुपयों के बदले संवेदनशील सूचनाएं साझा कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने चबुआ एयरफोर्स स्टेशन के अलावा बीकानेर के नाल एयरफोर्स स्टेशन सहित अन्य सैन्य ठिकानों की जानकारी भी साझा की थी। इन सूचनाओं में लड़ाकू विमानों की लोकेशन, मिसाइल सिस्टम और अधिकारियों-कर्मचारियों से जुड़ी गोपनीय जानकारियां शामिल हैं। इसके अलावा आरोपी अपने नाम से जारी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल पाकिस्तानी हैंडलर्स के लिए सोशल मीडिया अकाउंट बनाने में भी करता था। मामले में जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से पूछताछ में जुटी है। — ये खबर भी पढ़ें लड़ाकू विमानों की लोकेशन पाक हैंडलर्स को भेज रहा था:एयरफोर्स स्टेशन की गोपनीय जानकारियां भी दीं; 2023 से ISI के संपर्क में था सरकारी कर्मचारी राजस्थान की इंटेलीजेंस टीम ने जासूसी के आरोप में सरकारी कर्मचारी को असम के चबुआ एयरफोर्स स्टेशन से गिरफ्तार किया है। आरोपी भारतीय वायुसेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान के हैंडलर्स तक पहुंचा रहा था। उसने लड़ाकू विमानों की लोकेशन, मिसाइल सिस्टम और अधिकारियों-कर्मचारियों से संबंधित गोपनीय जानकारी भी साझा की थी। (पूरी खबर पढ़ें)
