हनुमानगढ़. पशुओं की मौत होने पर पशुपालकों के घर में दोहरी मार पड़ती है। आर्थिक रूप से पशुपालक टूट जाता है। इस तरह की अमंगल घटना होने पर पशुपालक को आर्थिक संबलता प्रदान करने की सोच से सरकार ने प्रदेश में मंगला पशु बीमा योजना की शुरुआत विगत बरसों में की। इसके तहत इस बार जिले में 54200 पशुओं के बीमा का लक्ष्य दिया गया है। राज्य सरकार की ओर से प्रदेश में पशुपालकों को पशुधन हानि से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना 2025-26 संचालित की जा रही है। योजना के तहत जन आधार कार्डधारक, गोपाल क्रेडिट कार्डधारक पशुपालक तथा लखपति दीदी समूह से जुड़ी पशुपालक महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाएगा। जिले में 21 नवम्बर 2025 से आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।