कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा- हम लड़ तो बाद में भी लेंगे, लेकिन अभी हमारी सामूहिक महत्वाकांक्षा है कि राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाना है। अब जिलों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिल्ली से नहीं थोपे जाएंगे, जिस पर कार्यकर्ता का हाथ होगा, वही अध्यक्ष होगा। खेड़ा ने आगे कहा- इसका मतलब यह कतई नहीं है कि जो अध्यक्ष नहीं बन पाए उनमें कोई कमी है, उनमें कोई कमी नहीं है। कई अध्यक्ष बनना चाहते थे लेकिन नहीं बन पाए। इसमें निजी महत्वाकांक्षा अलग चीज है और सामूहिक महत्वाकांक्षा अलग है। शुक्रवार को पवन खेड़ा उदयपुर शहर कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में पहुंचे थे। मेवाड़ ने देश को बड़े-बड़े नेता दिए हैं
पवन खेड़ा ने कहा- मेवाड़ तो कांग्रेस का गढ़ माना जाता था। 30 साल पार्टी उदयपुर नगर निगम में अपना बोर्ड नहीं बना पाई, ऐसे में हम विश्लेषण करें और कमियां दूर करें। जिसको अध्यक्ष बनाया उसका साथ दें। मेवाड़ ने देश को बड़े-बड़े नेता दिए हैं और कांग्रेस की यहां यह हालत। इसमें कार्यकर्ता की नहीं, इसमें हमारी जिम्मेदारी है। कितने साल से कांग्रेस मेवाड़ में पावर में नहीं है
खेड़ा ने कहा- शर्म हम सबको आती है कि हम मेवाड़ के होते हुए जब कोई हमें पूछता है कि कितने साल से कांग्रेस मेवाड़ में पावर में नहीं है। हमारा कार्यकर्ता कोई कमजोर नहीं है, कमजोरी हमेशा मंच में होती है, हम सब में कमजोरी है इसलिए मेवाड़ में कांग्रेस हारी है, हम कमजोरी दूर करेंगे। इस गलती को सुधारेंगे। इस दौरान उन्होंने उदयपुर में कांग्रेस कार्यालय बनाने के लिए पांच लाख रुपए देने की घोषणा की। निष्ठावान कार्यकर्ता को बिना किसी सिफारिश के मौका देंगे
कांग्रेस जिला अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा- आगामी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की फतह के लिए अभी से लग जाएं और एसआईआर में वोट चोरी को लेकर पैनी नजर रखें। बूथ तक मेहनत कर कांग्रेस को मजबूत बनाएं। कांग्रेस में निष्ठावान, मेहनती, ईमानदार और जनप्रिय कार्यकर्ताओं को नई टीम में मौका मिलेगा और नगर निगम चुनाव में बिना किसी सिफारिश के उन्हें प्रत्याशी बनाया जाएगा। उनका जायज हक दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।”