डमी कैंडिडेट बैठाकर टीचर बने आरोपी को स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही एक डमी कैंडिडेट को भी पकड़ा है। दोनों आरोपी पिछले दो साल से पहचान छुपाकर ठिकाने बदल-बदलकर फरारी काट रहे थे। एडीजी (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया- दिसंबर 2023 में दर्ज सीनियर टीचर चीटिंग केस में शिक्षक अशोक कुमार विश्नोई (29) को सोमवार रात बाड़मेर से पकड़ा। वहीं, डमी कैंडिडेट विजय पाल सिंह (30) को जालोर से अरेस्ट किया। एसओजी उनके साथियों को पहले ही अरेस्ट कर ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज चुकी है। 2023 में दोबारा हुई थी परीक्षा एडीजी (एसओजी) ने बताया- राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से सीनियर टीचर (माध्यमिक शिक्षा) द्वितीय श्रेणी प्रतियोगी परीक्षा-2022 आयोजित की गई थी। इसमें 24 दिसंबर 2022 को सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान और विज्ञान विषय की परीक्षा हुई थी। ये पेपर लीक हो गए थे। इसके बाद परीक्षा को निरस्त कर दिया था। 29 जनवरी 2023 को दोबारा परीक्षा कराई गई थी। डमी कैंडिडेट बैठाया और बन गया टीचर दोनों विषयों की परीक्षा में धोरीमन्ना (बाड़मेर) निवासी अशोक कुमार विश्नोई पुत्र हनुमानाराम विश्नोई ने डमी कैंडिडेट बैठाया। बागोड़ा (जालोर) निवासी हनुमानाराम पुत्र तेजाराम विश्नोई ने अशोक की जगह सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान की परीक्षा दी। हनुमानाराम जालोर के बिलड़ में राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में सीनियर टीचर (सामाजिक विज्ञान) के पद पर था। डमी बैठाकर अशोक सीनियर टीचर (विज्ञान) के पद पर चयनित हो गया। एसओजी ने 17 फरवरी 2026 को हनुमानाराम को अरेस्ट कर लिया। जबकि अशोक पिछले दो साल से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद फरार आरोपी अशोक पर 5 हजार का इनाम रखा गया था। दोनों विषयों में अलग-अलग डमी कैंडिडेट बैठे एडीजी (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया- इसी तरह बामनवास (सवाई माधोपुर) निवासी सूरत राम मीणा पुत्र रामलाल मीणा ने भी दोनों विषयों की परीक्षा खुद नहीं दी। विज्ञान की परीक्षा में उसने डमी कैंडिडेट महिपाल विश्नोई पुत्र रामरख राम विश्नोई निवासी लोहावट (फलोदी) को बैठाया था। महिपाल को 17 फरवरी 2026 को अरेस्ट किया गया था। महिपाल कोटा के रंगबाड़ी में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस फोर्थ ईयर का स्टूडेंट था। वहीं, सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान विषय की परीक्षा डमी कैंडिडेट विजय पाल सिंह पुत्र जगदीश चंद्र विश्नोई निवासी सांचौर (जालोर) ने दी थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपए का इनाम रखा हुआ था। ——————– मामले से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए… 5 लाख में सरकारी टीचर और मेडिकल-स्टूडेंट बने डमी कैंडिडेट:सीनियर शिक्षक भर्ती एग्जाम पास करवाया; 3 राज्यों से 5 आरोपी गिरफ्तार सरकारी टीचर और MBBS स्टूडेंट ने डमी कैंडिडेट बनकर सीनियर शिक्षक (सेकेंडरी एजुकेशन) ग्रेड सेकेंड प्रतियोगी परीक्षा पास करवाई। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOF) ने दो टीचर और 3 MBBS स्टूडेंट को अरेस्ट किया है। (पूरी खबर पढ़ें)