अमृतसर | राज्य चुनाव आयोग ने जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव-2025 की प्रक्रिया पूरी होने तक राज्य के किसी भी विभाग में चुनाव से जुड़े अधिकारियों और कर्मियों के तबादलों पर प्रतिबंध लगाया दिया है। राज्य चुनाव आयोग ने प्रमुख सचिव को पत्र भेजकर कहा कि 1 दिसंबर, 2025 को जारी नोटिफिकेशन के अनुसार जिला परिषद एवं पंचायत समिति के आम चुनाव 14 दिसंबर 2025 (रविवार) को करवाए जाने निर्धारित किए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया के शुरू होने के साथ ही कई अधिकारी-कर्मचारी चुनावी ड्यूटी पर तैनात किए जा रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए आयोग ने स्पष्ट किया कि डीसी-कम-जिला चुनाव अधिकारी, एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (डवलपमेंट)-कम-एडिशनल जिला चुनाव अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अन्य अधिकारी किसी भी परिस्थिति में बिना चुनाव आयोग की अनुमति के स्थानांतरित नहीं किए जाएंगे। साथ ही चुनाव आयोग ने निर्देश दिया कि मतदान प्रक्रिया में अधिकारियों को बतौर आरओ और एआरओ, प्रिजाइडिंग ऑफिसर और पोलिंग ऑफिसर तैनात किया जा रहा है। आयोग ने सभी विभागों को निर्देश तुरंत लागू करने के आदेश दिए हैं।