झालावाड़ जिले के खानपुर उपखंड क्षेत्र के पनवाड़ कस्बे में स्टेट हाईवे 89 स्थित बिशनखेड़ी मार्ग पर शराब के ठेके की शिफ्टिंग को लेकर स्थानीय लोगों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं और पुरुषों ने करीब एक घंटे तक प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि बाघेर और हरिगढ़ से जुड़े इस मार्ग पर घनी आबादी के बीच पिछले छह वर्षों से शराब का ठेका संचालित हो रहा है। इसके कारण क्षेत्र का माहौल बिगड़ रहा है। शराबियों द्वारा आए दिन गाली-गलौच, लड़ाई-झगड़े और उत्पात मचाने से विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल बना रहता है। राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पनवाड़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों से समझाइश कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि, महिलाएं अपने निर्णय पर अडिग रहीं और उन्होंने साफ कहा कि जब तक शराब का ठेका यहां से हटाया नहीं जाएगा, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। ग्रामीणों ने खानपुर उपखंड अधिकारी, पनवाड़ थाना और ग्राम पंचायत को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने एक अप्रैल को प्रस्तावित ठेका शिफ्टिंग को रोकने और इसे पूरी तरह हटाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

You missed