‘मेरे पति को तीन दिन से परेशान कर रहा था गुरुवार को आरोपी पति के ठेले पर आया और फ्री में चने मूंगफली ली पति के विरोध करने पर कहासूनी हुई जिसके बाद पति ठेला समेटकर घर आ गए पति के पीछे पीछे आरोपी नरेंद्र उर्फ नंदा पांचाल भी आ गया पति हाथ मुंह धो रहे थे नंदा ने आवाज देकर पति को बाहर बुलाया और चाकू से वार कर मौत के घाट उतार दिया’ ये कहना है मृतक शब्बीर अली की पत्नी खुशबू का। शब्बीर अली की देर रात चाकू मारकर हत्या कर दी गईं थी। आज न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की मोर्चेरी के बाहर पोस्टमार्टम के दौरान परिजन रोते बिलखते रहे। आरोपी को कडी से कडी सजा दिलाने की मांग की। पत्नी खुशबू ने बताया कि पति शब्बीर दिन में कबाड़े का काम करते थे। शाम को LIC बिल्डिंग के पास स्थित शराब ठेके के नजदीक चने मूंगफली का ठेला लगाते थे।आरोपी नंदा तीन दिन से पति को परेशान कर रहा था। वो अक्सर ठेले से फ्री में चने मूंगफली लेता था। गुरुवार को भी उसने फ्री में चने मूंगफली लिए। इस बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। विवाद के चलते पति ठेला समेटकर सवाआठ बजे करीब घर लौटे। घर पहुंचने पर वो हाथ पैर धो रहे थे। आरोपी भी पति के पीछे पीछे आ गया। घर के बाहर खड़ा होकर पति को आवाज लगाई और बाहर आने को कहा। जैसे ही पति हाथ धोते धोते घर से बाहर गए। आरोपी ने पति पर चाकू से हमला कर दिया। हमारे घर में 7 सदस्य है। किराए के मकान में रहते है। पति अकेले कमाने वाले थे। दोस्त मुकेश ने बताया कि शब्बीर अली हसमुख, मिलनसार था। उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। वो रोजगार करके परिवार को पाल रहा था। गुरुवार को नंदा नाम हिस्ट्रीशीटर उसके ठेले पर आया और शब्बीर से किसी का एड्रेस पूछा। शब्बीर ने एड्रेस के बारें में जानकारी होने से मना कर दिया। इससे गुस्सा होकर नंदा ने ठेले से फ्री में मूंगफली का पैकेट तोड़ लिया। इस पर शब्बीर ने टोका और कहा मुझसे बोलते तो, मै तोड़कर दे देता। इसी बात को लेकर दोनों में कहासूनी हुई। जिसके बाद शब्बीर ठेला समेटकर घर आ गया। उसके पीछे पीछे आरोपी नंदा भी आ गया। आरोपी ने बात करने की कहकर शब्बीर को धोखे से घर के बाहर बुलाया, और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। घटना के बाद मोहल्ले के लोग दुखी है। क्योंकि मुस्लिम होते हुए भी शब्बीर हर त्यौहार में शामिल होता था। उसका सबसे अच्छा व्यवहार था। मोर्चेरी पर भी 70 फीसदी हिंदू समाज के लोग आए है। महावीर नगर थाना SI कमल किशोर ने बताया शव का पोस्टमार्टम करवाया है। झगड़े के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों की आर्थिक मदद की मांग की थी। उन्हें बताया की सरकारी नियमानुसार जो भी मदद हो सकेगी,दिलाई जाएगी। आरोपी को राउंडअप कर लिया है।