पाली में पत्नी की हत्या करने वाले पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक ने पत्नी के मुंह में कपड़ा ठूंसकर ताबड़तोड़ 6 वार किए और वहां से भाग निकला था। मां को बचाने आई बेटी पर भी युवक ने हमला किया था। युवक पत्नी के चरित्र पर शक करता था। विवाद होने पर 5 साल पहले पत्नी उसे छोड़कर पीहर चली गई थी। मामला खिंवाड़ा थाना इलाके का है। ASP बाली चेन सिंह महेचा ने बताया- झूमली देवी (36) की हत्या के आरोप में पति नारायणलाल (40) को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसके चलते झूमली ने उसके साथ रहना बंद कर दिया था। वह पीहर में किराए के मकान में अपने 5 बच्चों के साथ रहती थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया महिला की छाती पर आरोपी ने चाकू से छह वार किए थे। हमले में महिला का हार्ट और फेफड़े डैमेज हुए, इससे ज्यादा खून बह गया और झूमली देवी की मौत हो गई। अब समझिए पूरा मामला पत्नी को विश्वास दिलाया, अब सुधर चुका: 15 मई को पति नारायण लाल भारलाऊ गांव से झूमली के पीहर (गुड़ा ठाकुरजी गांव) आया था। वह झूमली और बच्चों के लिए मिठाई और कपड़े भी लाया था। नारायण ने विश्वास दिलाया था कि अब वह सुधर गया है। झूमली ने उसकी बातों को मान लिया था। लाइट जाते ही पेट पर बैठकर चाकू मारे: 22 मई की रात करीब सवा 11 बजे जब लाइट गई आरोपी उठा और चाकू लेकर आया। मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, ताकि वह आवाज न कर सके। सो रही झूमली के ऊपर बैठ गया और एक के बाद एक छह बार चाकू से वार किए। बेटी पर वार कर मौके से भागा: इसी दौरान पास में ही सो रही बेटी उठी तो नारायण ने उस पर भी वार किया। इससे बेटी के हाथ पर भी कट लग गया। बेटी चिल्लाते हुए बाहर भागी और पड़ोसियों को जगाया। इसके साथ ही अपनी मौसी को भी कॉल किया। जब तब सब आते आरोपी मौके से भाग चुका था। मां बोलीं- दामाद बेटी को पीटता था झूमली देवी के 5 बच्चों का जिम्मा अब उनकी मां कमला देवी (60) पर आ गया है। कमला देवी कहती हैं- झूमली की शादी करीब 16 साल पहले हुई थी। शादी के बाद उसे 4 बेटियां और एक बेटा हुआ। दामाद नारायण नशे का आदी है। उसने झूमली को परेशान किया और मारपीट करता था। जान से मारने की धमकी देता था कमला देवी बोलीं- झूमली मजदूरी कर बच्चों को पाल रही थी। उसका सपना था कि बेटियां पढ़ लिखकर आत्मनिर्भर बने ताकि, जीवन में किसी तरह की समस्या आए। दामाद ने कई बार उसे ससुराल आकर रहने को धमकाया था। जान से मारने की धमकी भी दी थी।
