टांके में मिले युवक के शव की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पति-पत्नी और नाबालिग ने मिलकर युवक को टांके में फेंका था। इसके बाद ऊपर से ढक्कन लगाकर भाग निकले थे। आरोपियों ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया। बताया कि युवक बार-बार आरोपी की पत्नी को कॉल कर परेशान करता था। उसे गांव और अपने परिवार में अपनी पत्नी बताता था। ऐसे में, देर रात मिलने के बहाने बुलाया और टांके में फेंक दिया। मामला बालोतरा का है। पुलिस ने मामले में 18 साल की पत्नी, 21 साल के पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष कर बाल सुधार गृह भेजा गया है। मरने वाला युवक 21 साल का था। अब समझिए पूरा मामला 3 पॉइंट्स में 1. टांके में मिली थी लाश: 9 मार्च को पुलिस को टांके में 21 साल के युवक की लाश मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को बाहर निकलवाया और मॉर्च्युरी में रखवाया था। इसके बाद मृतक युवक के चाचा ने हत्या का संदेह जताया था। पुलिस ने चाचा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 2. शादीशुदा महिला को अपनी पत्नी बताता था: बालोतरा एसपी रमेश ने बताया- मामले में टीम बना कर जांच की गई। इसके बाद मौके से मिले सबूतों के आधार पर पति-पत्नी को डिटेन कर पूछताछ की। पति ने पूछताछ में बताया- युवक बार-बार उसकी पत्नी को कॉल कर परेशान करता था। पत्नी नहीं होने के बावजूद गांव में और उसके परिजनों को आरोपी की पत्नी को अपनी पत्नी बताता था। इससे आरोपी और उसकी पत्नी गुस्से में थे। पति-पत्नी ने कई बार उसे समझाया भी था, लेकिन वह लगातार परेशान कर रहा था। 3. तीन ने मिलकर टांके में धक्का दिया: पूछताछ में सामने आया कि 8 मार्च को आरोपी, उसकी पत्नी और एक नाबालिग ने मिलकर प्लानिंग की। पत्नी ने 8-9 मार्च को आधी रात को युवक को फिजिकल रिलेशन बनाने के बहाने टांके के पास बुलाया। प्लानिंग के तहत तीनों ने मिलकर सुरेश को पकड़कर टांके में डाल दिया। इससे उसकी मौत हो गई। पति-पत्नी को जेल, नाबालिग को सुधार गृह भेजा पुलिस टीम ने मर्डर के आरोपी पति उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया गया। वहीं एक नाबालिग को पुलिस संरक्षा में लिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर एक बाइक को जब्त किया गया है। आरोपियों पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया गया। जिसे आज जेल भेज दिया गया। वहीं नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष कर बाल सुधार गृह भेजा गया है।