जयपुर में पड़ोसी से झगड़े में रिटायर्ड बैंक कर्मचारी की मौत हो गई। घर के सामने संकरी गली से टेंपो ट्रैवलर निकालने के लिए मना करने पर झगड़ा हुआ था। धक्का-मुक्की के दौरान वे रोड पर गिर गए थे। मामला मंगलवार सुबह करीब 8 बजे पत्रकार कॉलोनी के पटेल मार्ग का है। SHO (पत्रकार कॉलोनी थाना) मदन लाल कड़वासरा ने बताया- झगड़े के दौरान पटेल मार्ग निवासी विजेंद्र सिंह (68) की मौत हो गई। वे परिवार सहित यहां रहते थे। उनके पड़ोस में ट्रैवल एजेंसी संचालक छोटे लाल सैनी रहते हैं। टेंपो ट्रैवलर को गली में लाने पर विवाद हुआ था। पुलिस ने मामले में टेंपो ट्रैवलर के ड्राइवर को पकड़ लिया है। पड़ोसी छोटे लाल और उसकी पत्नी रेखा को भी डिटेन कर पूछताछ कर रहे हैं। देखिए, झगड़े की PHOTOS… गली में एंट्री से रोका, धक्का दिया तो गिर गए SHO मदन लाल कड़वासरा ने बताया- छोटे लाल ने मंगलवार सुबह करीब 8 बजे टेंपो ट्रैवलर मंगवाया था। इसे उज्जैन भेजना था। गली में टेंपो ट्रैवलर को एंट्री नहीं देने को लेकर विजेंद्र सिंह का परिवार बाहर निकल आया। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों में कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर धक्का-मुक्की के दौरान विजेंद्र सिंह रोड पर गिर गए। विजेंद्र को बेहोश देखकर पड़ोसी छोटे लाल और उसकी पत्नी रेखा वहां से भाग गए। टेंपो ट्रैवलर का ड्राइवर दिनेश जाट (26) निवासी झुंझुनूं भी गाड़ी लेकर भाग निकला। परिजन विजेंद्र सिंह को हॉस्पिटल लेकर गए, वहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने मेडिकल सूचना पर पहुंचकर शव को जयपुरिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया।
