नागौर में बुजुर्ग महिला की हत्या पड़ोसी युवक ने की थी। महिला पशुओं के लिए सूखा चारा खरीदने के लिए आरोपी के घर गई थी। इस दौरान महिला के गहने देखकर युवक की नीयत बिगड़ गई। उसने बाड़े में पड़ी कुल्हाड़ी से हमला कर गर्दन और पैरों के पंजे काट दिए। महिला की बॉडी के टुकड़ों को 3 कट्टों में भरा। फिर कार से अलग-अलग जगह जाकर कट्टों को फेंक दिया। आरोपी ने महिला के करीब 7 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने निकाल लिए थे। पुलिस को महिला का बिना सिर और पंजे का शव 16 मार्च को झाड़ियों में पड़ा मिला था। घटना पादूकलां थाना क्षेत्र की है। पालड़ी गांव निवासी नाथी देवी (70) के मर्डर के आरोप में पुलिस ने 20 मार्च को पड़ोसी मुकेश भारती (38) को गिरफ्तार कर लिया। सिर, धड़ और पंजों को अलग-अलग जगह फेंका एसपी रोशन मीणा ने बताया- नाथी देवी 15 मार्च की सुबह पड़ोसी मुकेश भारती के घर चारा खरीदने गई थी। मुकेश महिला को घर के पास बने बाड़े में चारा दिखाने के बहाने ले गया। वहां उसने पीछे से कुल्हाड़ी से वार किया। पहला वार चूक गया और कुल्हाड़ी महिला के मुंह और गर्दन के पास लगी, जिससे वह जमीन पर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने बेरहमी से महिला की गर्दन काट दी। हत्या के बाद आरोपी ने दोनों पैर काटकर चांदी के कड़े निकाल लिए। एसपी के अनुसार, आरोपी ने पूरी प्लानिंग की थी। महिला के धड़ को एक कट्टे में डाला। सिर को दूसरे और पैरों के पंजों को तीसरे कट्टे में भरा। इसके बाद शाम को अंधेरा होने पर आरोपी अपनी वैगन-आर कार से पचरंडा गांव के कांकड़ इलाके में पहुंचा। वहां उसने तीनों कट्टों को अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया। महिला का मोबाइल भी धड़ के पास ही पटक दिया, ताकि पहचान हो सके। लास्ट लोकेशन से शुरू हुई जांच, आरोपी को डिटेन कर पूछताछ एसपी रोशन मीणा ने बताया- 15 मार्च की शाम को नाथी देवी के पोते मुकेश बावरी ने पादूकलां थाने में दादी के लापता होने की शिकायत दी थी। घटना वाले दिन ही महिला की लास्ट लोकेशन के आधार पर आरोपी मुकेश भारती और एक अन्य व्यक्ति को डिटेन किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा। अगले दिन 16 मार्च को पचरंडा गांव के कांकड़ इलाके में एक चरवाहे को झाड़ियों में कट्टा मिला। उसमें महिला का सिर और पंजे कटे हुए शव था। सर्च के दौरान पालड़ी गांव के पास ही महिला की एक चप्पल और लाठी मिली। इससे पुलिस का शक गांव के लोगों पर गहरा गया और जांच का दायरा बढ़ाया गया। बाड़े में मिले खून के धब्बे एसपी के अनुसार, 18 मार्च को एक राहगीर ने कुत्ते को पंजा ले जाते देखा। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सर्च ऑपरेशन के दौरान महिला का कटा हुआ सिर और पैरों के पंजे अलग-अलग स्थानों पर बरामद हुए। धड़ से करीब 5 किलोमीटर दूर सिर को फेंका गया था, जबकि पंजे करीब 2 किलोमीटर दूर एक खेत में मिले। सिर को कुत्तों ने नोच दिया था। सिर के पास मिले बालों में कानों के झुमके उलझे हुए मिले। इसके बाद पुलिस ने आरोपी मुकेश के घर और बाड़े की दोबारा तलाशी ली, जहां खून के धब्बे पाए गए। शक गहराने पर सख्ती से पूछताछ की गई तो आरोपी ने हत्या करना कबूल कर लिया। हत्या के वक्त घर में थी पत्नी एसपी रोशन मीणा ने बताया- वारदात के समय आरोपी की पत्नी घर पर ही मौजूद थी। वहीं उसके दोनों बच्चे दादा-दादी के साथ खेत पर गए हुए थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए गहने बरामद किए हैं। इनमें चांदी के कड़े, कंडोरा (कमर का गहना), सोने की एक बाली, कंठी (गले में पहनने का आभूषण) शामिल हैं। हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बाड़े से बरामद की गई है। एसपी ने बताया- आरोपी मुकेश भारती फर्नीचर का काम करता है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में कोई और शामिल था या नहीं। आरोपी की पत्नी से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। … मर्डर से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… बुजुर्ग महिला की बॉडी से 5 किमी दूर मिला सिर:कुत्ते नोचकर खा गए, बालों में मिले कानों के झुमके; दो किमी दूर खेत में मिले पैरों के पंजे ज्वेलरी के लिए बुजुर्ग महिला का गला और पैर काटे:कट्टे में डालकर झाड़ियों में फेंका शव; सिर और पंजे गायब
