पठानकोट के शिव नगर में बीती रात घर में घुसकर परिवार पर हमला करने वाले 8 लोगों पर थाना 2 पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने ये कार्रवाई घायल अर्जुन के बयान पर की है। फिल्हाल सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं और पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास में लगी है। बता दें, 2 दिन पहले पठानकोट के शिव नगर में हमलावरों ने एक युवक की दोनों टांगों और सिर पर दातर से हमला किया। जिससे युवक की दोनों टांगें बुरी तरह कट गईं। वहीं, हमलावरों ने युवक की माता के माथे पर भी दातर से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। बचाव में आए युवक के पिता के हाथ भी तेजधार हथियार से जख्मी हो गए थे। हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ भी की और घर में खड़े वाहनों पर भी तेजधार हथियार बरसाए। घायलों की पहचान शिव नगर निवासी 24 वर्षीय अर्जुन उर्फ रिक्की, उसके पिता राजकुमार और माता शमां के तौर पर हुई। अब थाना 2 पुलिस ने 8 लोगों को इस मामले में नामजद किया है। इन आरोपियों पर मामला दर्ज
पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मामले में गणेश चौधरी, निखिल मन्हास,विशाल, भोलू, विष्णु ठाकुर, कृष्णा ठाकुर, अंश और वंश को नामजद किया गया है। आरोपियों पर
बीएनएस की धारा 109, 333, 305, 118(1), 115(2), 351(3), 191(3), 190, 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे। बाजार में बाइक से टक्कर हुई घायल अर्जुन के भाई अजय ने बताया कि कुछ समय पहले अर्जुन और ढाकी के रहने वाले युवकों की बाइक बाजार में टकराई थी। इस दौरान अर्जुन से उनकी बहस भी हुई थी। अजय ने बताया कि अर्जुन ने उनसे माफी भी मांगी। लेकिन, आरोपी युवक नहीं माने। उस दिन के बाद से लगातार वे अर्जुन को रंजिश निकालने की धमकियां दे रहे थे। घर में घुसते ही हमला किया अजय ने बताया कि बीती रात 10 बजे के आसपास हथियारों से लैस 8 से 10 युवक उनके घर में घुस आए और घर के अंदर मौजूद अर्जुन पर सबसे पहले हमला कर दिया। हमलावरों ने अर्जुन की दोनों टांगों पर दातर मारे, जिससे उसकी दोनों टांगों पर गहरे कट लग गए। अर्जुन को बचाने के लिए माता-पिता पर भी दातरों से हमला कर दिया। पिता-मां पर भी हमला, मां बेहोश हुई अजय ने कहा कि पिता राजकुमार के हाथ पर गहरे कट लगे, जबकि, मां शमां के माथे पर दातर मारा गया। जिससे वह बेहोश हो गई। किसी तरह मोहल्ला वासी और रिश्तेदार उन्हे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन, गंभीर हालत के देखते हुए अर्जुन को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अजय ने बताया कि हमलावरों ने पहले घर का गेट तोड़ा और फिर गालियां देते हुए अंदर घुस आए। आरोपियों ने घर में खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की। हमलावरों ने घर के अंदर खड़ी बाइक, स्कूटी पर भी तेजधार हथियार बरसाए। अजय ने बताया कि अर्जुन की दोनों टांगें बुरी तरह कटी हैं। जख्म काफी गहरे हैं, साथ ही दोनों पैर टूट चुके हैं। डाक्टरों ने देर रात ऑपरेशन किया है। फिर भी खून अधिक बहने की वजह से अर्जुन की हालत चिंताजनक बनी है। डाक्टरों ने कहा है कि अर्जुन कम से कम एक साल तक खड़ा नहीं हो पाएगा।

You missed