पठानकोट के सुजानपुर थाना क्षेत्र के अधीन आते मलिकपुर गोल चौक के पास देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। स्विगी कंपनी में ऑनलाइन डिलीवरी का काम करने वाले एक युवक का ब्लैक महिंद्रा एक्सयूवी कार सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने अपहरण कर लिया। आरोपी पीड़ित को गाड़ी में जबरन बैठाकर सरना ओवरब्रिज की तरफ ले गए, जहां उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई और धमकी देकर कैश, जबरन UPI और स्क्रीन लॉक पासवर्ड पूछ कर मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी डिलीवरी बॉय से मारपीट कर उसे नरोट मेहरा पुली के पास फैंक कर फरार हो गए। युवक किसी तरह पुलिस के पास पहुंचा और शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलने पर थाना सुजानपुर पुलिस ने 3 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ऑर्डर का इंतजार कर रहा था डिलीवरी बॉय शिकायतकर्ता राकेश कुमार निवासी खानपुर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह दिन में स्कूल वाहन चलाता है और शाम को स्विगी कंपनी में होम डिलीवरी बॉय का काम करता है। बीती रात वह अपनी मोटरसाइकिल PB-35-AJ-5359 पर सुजानपुर डिलीवरी देने गया था। वापसी में आधी रात करीब 12:30 बजे वह नए ऑर्डर के इंतजार में मलिकपुर गोल चौक के पास खड़ा था। XUV गाड़ी में आए 3 युवक, जबरन कार में घसीटा इसी दौरान सुजानपुर की तरफ से एक काले रंग की महिंद्रा एक्सयूवी गाड़ी (नंबर PB-02-CJ-7876) आई। गाड़ी में 3 युवक सवार थे, जिनमें से 2 पगड़ीधारी और 1 बिना पगड़ी का था। चालक ने गाड़ी राकेश के पास रोकी और तीनों युवकों ने नीचे उतरकर उससे वहां खड़े होने का कारण पूछा। जब राकेश ने बताया कि वह डिलीवरी बॉय है और ऑर्डर का इंतजार कर रहा है, तो आरोपियों ने जबरन उसे खींचकर अपनी कार में बैठा लिया और सरना ओवरब्रिज के पास सुनसान इलाके की ओर ले गए। मारपीट कर कैश, मोबाइल और UPI पासवर्ड लिया आरोपियों ने चलती गाड़ी और सुनसान जगह पर राकेश के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकियां दीं। बदमाशों ने जबरन उसका मोबाइल फोन जिसमें 2 सिम कार्ड थे और पर्स में पड़े ₹1,800 नकद छीन लिए। इसके बाद मारपीट कर उसका मोबाइल डिस्प्ले लॉक और UPI पिन/नंबर भी हासिल कर लिया। पीड़ित ने बताया कि उसके एक बैंक खाते में ₹700 और दूसरे खाते में लगभग ₹10,000 से ₹12,000 थे, जिन्हें आरोपियों द्वारा ऑनलाइन ट्रांसफर किए जाने का अंदेशा है। नरोट मेहरा पुल के पास फेंककर हुए फरार; एफआईआर दर्ज लूटपाट और मारपीट करने के बाद आरोपियों ने पीड़ित को नरोट मेहरा पुल के पास गाड़ी से नीचे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर थाना सुजानपुर के एएसआई नरेश कुमार पुलिस टीम के साथ जांच के लिए पहुंचे। पीड़ित राकेश कुमार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात तीनों एक्सयूवी सवार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) (डकैती/लूटपाट), 140(3) (अपहरण) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
