पठानकोट में जालंधर नेशनल हाईवे पर गांव मलिकपुर के पास संतुलन बिगड़ने से एक कार अनियंत्रित होकर बैरिकेड से टकरा गई, जिससे कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और अगला टायर तक अलग हो गया। हस हादसे में कार सवार व्यक्ति बाल-बाल बच गया। हादसे को देखकर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और कार ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे अथॉरिटी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कार को सड़क से हटाकर ट्रैफिक को सुचारु करवाया। कार का टायर फट कर हुआ अलग सिमरनजीत सिंह ने बताया कि वह मुकेरियां से पठानकोट आ रहा था। पठानकोट-जालंधर नेशनल हाईवे पर वह जैसे ही मलिकपुर के पास पहुंचा तो कार फिसलने लगी। कार अनियंत्रित होकर बैरिकेड से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज हुई कि टायर कार से अलग हो गया। कार ड्राइवर ने बताया कि सड़क पर तेल या फिसलने वाला कोई पदार्थ गिरा हुआ था। जिस कारण कार का संतुलन बिगड़ गया।
रब ने ही मुझे बचाया : कार चालक सिमरनजीत सिंह ने बताया कि हादसा काफी भयावह था, लेकिन रब का शुक्र है कि वह सुरक्षित है। उसने बताया कि कार अचानक से घूमने लगी थी। जिससे कार से उसका संतुलन खो गया। बताया कि घटना की सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे अथॉरिटी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और रिकवरी वैन से सड़क से क्षतिग्रस्त कार को हटाकर ट्रैफिक को सुचारु करवाया।
